रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: धोखाधड़ी का शिकार हुए 10 वाहन मालिकों को लौटाए उनके वाहन

किरायानामा कर वाहन डकारने की साजिश हुई नाकाम, पुलिस ने दस्तावेजों की जांच के बाद कराई वापसी।



रायपुर । राजधानी रायपुर के नॉर्थ ज़ोन पुलिस प्रशासन ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत जैसी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए 10 वाहन मालिकों को उनके गुम हुए वाहन वापस लौटा दिए हैं। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ ज़ोन) श्री मयंक गुर्जर के निर्देशन में की गई इस कार्यवाही से उन वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिली है, जो महीनों से अपने वाहनों और किराये के लिए भटक रहे थे।

पिछले कुछ दिनों से पुलिस उपायुक्त कार्यालय में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वाहन मालिकों ने अपने वाहन किराये पर चलाने के लिए दिए थे, लेकिन न तो उन्हें तय किराया मिल रहा था और न ही उनके वाहन वापस किए जा रहे थे। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी मयंक गुर्जर ने खुद इन आवेदनों का सूक्ष्म अवलोकन किया और पीड़ितों से वस्तुस्थिति की जानकारी ली।

प्रकरण की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आमासिवनी निवासी प्रेमराज साहू के माध्यम से वाहन मालिकों ने शशिकांत यादव और रोहित नामक व्यक्तियों के साथ विधिवत किरायानामा (Agreement) किया था। विश्वास के आधार पर मालिकों ने अपने वाहन सौंप दिए थे, लेकिन अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करते हुए आरोपियों द्वारा न तो भुगतान किया जा रहा था और न ही वाहन लौटाए जा रहे थे।

समस्त दस्तावेजों और साक्ष्यों की गहन पड़ताल के बाद, कल दिनांक 25 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने 10 वाहन मालिकों को पुलिस कार्यालय बुलाकर उनके वाहन आधिकारिक रूप से सुपुर्द किए। लौटाए गए वाहनों में एर्टिगा, स्कॉर्पियो, किया सोनेट, हुण्डई वेन्यू और ब्रेजा जैसी कीमती गाड़ियाँ शामिल हैं।

पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रेमराज साहू (एर्टिगा व किया सोनेट), चंद्रकांत साहू (हुण्डई औरा), अक्षय वर्मा (बलेनो), ठाकुर दास मानिकपुरी (स्कॉर्पियो), टिकेन्द्र कुमार देवांगन (एर्टिगा), मोह. नूर आलम (मारूति फ्रांक्स), डिगेश्वर यदु (एर्टिगा), चेतनदास गोस्वामी (ब्रेजा) और मोहित चंद्राकर (हुण्डई वेन्यू) को उनके वाहन वापस सौंपे गए हैं।

​इस अवसर पर डीसीपी मयंक गुर्जर ने नागरिकों से अपील की है कि अपने कीमती वाहन किराये पर देते समय पूरी सावधानी बरतें और संदिग्ध व्यक्तियों के झांसे में न आएं। वाहन मालिकों ने पुलिस की इस त्वरित और न्यायपूर्ण कार्यवाही के लिए रायपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button