मुख्यमंत्री साय की थाप और विधायक शर्मा की फाग, अनुज शर्मा के आंगन में उमड़ा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का सैलाब
फागुन की मस्ती के बीच मुख्यमंत्री का संकल्प-हर घर में साल के 365 दिन रहे होली जैसी खुशहाली

रायपुर । धरसींवा विधानसभा के विधायक और लोक संस्कृति के ध्वजवाहक अनुज शर्मा द्वारा आयोजित ‘होली मिलन समारोह’ में आज उस वक्त उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा, जब प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय ने पारंपरिक नगाड़े पर हाथ आजमाया। नगाड़े की थाप और फाग गीतों की जुगलबंदी ने पूरे माहौल को फागुनी रंग में सराबोर कर दिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर और उन्हें पूरे जोश के साथ वाद्य यंत्र बजाते देख वहां मौजूद हजारों की भीड़ भी झूम उठी।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि जैसे फागुन के रंग सबको जोड़ देते हैं, वैसे ही हमें मिलकर छत्तीसगढ़ को खुशहाली के नए रंग में रंगना है। उन्होंने विधायक अनुज शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल राजनीति बल्कि कला के माध्यम से भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति को सहेजने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण और प्राकृतिक रंगों के उपयोग का आह्वान करते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि हमारी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चल रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस तरह होली में ऊंच-नीच का भेद मिट जाता है, वैसे ही विकास की रोशनी भी हर वर्ग, किसान, महिला और आदिवासी भाई-बहनों तक पहुंचेगी।
मेजबान विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री की सादगी की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश के मुखिया का सहज अंदाज ही इस आयोजन की असली रौनक है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि फागुन की ये कोपलें हमें पुराने गिले-शिकवे भुलाकर नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। धरसींवा की जनता की सेवा ही मेरे जीवन का सबसे चटख रंग है।
समारोह में शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, मोना सेन, नवीन अग्रवाल और संदीप यदु सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के सितारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत फाग गीतों और नगाड़ों की गूंज के बीच पूरा क्षेत्र एक परिवार की तरह नजर आया।



