शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर गिरी गाज:कार-बाइक समेत 154 वाहनों पर पुलिस का कब्जा,15 लाख से अधिक का जुर्माना तय
चेतावनी: होली तक जारी रहेगा विशेष अभियान, नशे में दिखे तो सीधे कोर्ट में होगी पेशी।

रायपुर । राजधानी रायपुर की सड़कों को सुरक्षित बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने शनिवार रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) श्री विकास कुमार के निर्देश पर शहर के 8 प्रमुख स्थानों पर विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। महज 3 घंटों की इस “ताबड़तोड़” कार्रवाई में पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चला रहे 154 चालकों को पकड़कर उनके वाहन जप्त कर लिए हैं।
8 चौराहों पर रही ‘किलाबंदी’
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री विवेक शुक्ला और श्री दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस आयुक्तों की विभिन्न टीमों ने रात 10:00 बजे से 01:00 बजे तक तेलीबांधा, भाठागांव, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह, खमतराई, टाटीबंध, पचपेड़ी नाका और पंडरी थाना के सामने स्टापर लगाकर सघन जांच की। ब्रीथ एनालाइजर मशीन के जरिए हुई इस जांच में 154 लोग नशे में धुत पाए गए।
जप्त वाहनों में लग्जरी कारें और भारी वाहन शामिल
पुलिस द्वारा की गई इस बड़ी कार्रवाई में जप्त किए गए 154 वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर और 1 ई-रिक्शा शामिल हैं। इन सभी वाहनों को यातायात मुख्यालय और विभिन्न थानों में खड़ा कराया गया है।
15 लाख से अधिक का लगेगा फटका
मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत पकड़े गए इन सभी मामलों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कानूनन, नशे में वाहन चलाने पर प्रति प्रकरण न्यूनतम 10,000 रुपये का अर्थदंड देय होता है। इस लिहाज से पकड़े गए चालकों से लगभग 15 लाख 40 हजार रुपये की जुर्माना राशि वसूल की जाएगी।
होली पर सख्ती के संकेत
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशानुसार, आगामी होली पर्व को देखते हुए यह अभियान अब लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी स्थान बदल-बदल कर इसी तरह औचक निरीक्षण किया जाएगा।
पुलिस ने जनता से अपील करते हुए कहा कि सड़क हादसों से सीख लें। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल आपके लिए, बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा है। सुरक्षित रहें और कानून का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई और भारी जुर्माने के लिए तैयार रहें।



