राजधानी में हवाला कारोबार पर पुलिस का प्रहार,चेकिंग के दौरान एक्टिवा सवार से 75 लाख रुपये नगद बरामद
एम.सी.पी. पॉइंट पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया संदिग्ध, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश रही नाकाम।

रायपुर । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अवैध धन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम ने समता कॉलोनी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 75 लाख रुपये की नगद राशि बरामद की है। इस मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार, 27 फरवरी को थाना आजाद चौक क्षेत्र के समता कॉलोनी में एम.सी.पी. (मल्टी-पर्पज चेक पॉइंट) लगाकर संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान एक्टिवा वाहन (क्रमांक CG 04 NJ 8956) पर सवार एक युवक को रोका गया, जिसके पास एक बड़ा संदिग्ध थैला था।
तलाशी लेने पर थैले के भीतर नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने अपना नाम मिलन शर्मा (25 वर्ष), निवासी समता कॉलोनी बताया। जब पुलिस टीम ने इतनी बड़ी राशि के स्रोत और उससे संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो आरोपी कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और पुलिस को गुमराह करता रहा।
पुलिस ने आरोपी के पास से 75,00,000/- रुपये (पचहत्तर लाख रुपये नगद),04 नग मोबाइल फोन,एक्टिवा वाहन (जिसका उपयोग राशि परिवहन के लिए किया जा रहा था) जप्त किया ।
आरोपी के विरुद्ध थाना आजाद चौक में धारा 106 बीएनएसएस (BNSS) के तहत इस्तगासा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग (Income Tax Department) को सूचित कर दिया गया है, जो अब इस धन के स्रोत की गहन जांच कर रही है।



