पुलिस के हत्थे चढ़ा नशीली दवाओं का तस्कर, 140 टेबलेट्स बरामद
DCP वेस्ट जोन के निर्देश पर एक्शन; आरोपी के पास से 14 हजार की नशीली दवाएं जब्त

रायपुर । राजधानी में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टेबलेट्स के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) श्री संदीप पटेल के निर्देशानुसार क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने हेतु विशेष टीम सक्रिय है। इसी क्रम में 26 फरवरी को पुरानी बस्ती पुलिस को सूचना मिली कि महाराज बंद तालाब के पास एक युवक नशीली टेबलेट्स बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहा है।
पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद पीले रंग के थैले से ‘Nitrazepam Tablets Nitrosun 10’ की 14 स्ट्रिप (कुल 140 टेबलेट्स) बरामद हुईं। जब्त की गई दवाओं की बाजार में कीमत लगभग 14,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी द्वारा नशीली दवाओं के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विवेक प्रधान उर्फ नंदू (26 वर्ष), निवासी BSUP कॉलोनी, खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 101/2026, धारा 21(ब), 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।



