कैनाल रोड पर डकैती की बड़ी साजिश नाकाम, स्कॉर्पियो सवार 6 बदमाश हथियारों के साथ दबोचे गए
गोबरा नवापारा के शातिर बदमाश गिरफ्तार, तलवार और हॉकी स्टिक के दम पर देने वाले थे वारदात को अंजाम।

रायपुर । राजधानी रायपुर में डकैती की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने ऐन वक्त पर नाकाम कर दिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर कैनाल रोड के पास डकैती की योजना बना रहे आधा दर्जन बदमाशों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो वाहन सहित तलवार और अन्य घातक हथियार बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कैनाल रोड के पास एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सिविल लाइन थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर रणनीतिक घेराबंदी की और संदिग्ध स्कॉर्पियो को चारों ओर से घेर लिया। वाहन में सवार 06 युवकों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला, आलोक साहनी, नितेश साहनी, शुभम साहनी, इन्द्र कुमार उर्फ सुमित और कुंदन साहनी के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी गोबरा नवापारा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
वाहन से बरामद हुआ हथियारों का जखीरा
स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 23 J 6367) की तलाशी लेने पर पुलिस भी दंग रह गई। वाहन के अंदर से 01 नग तलवार, 04 लकड़ी के डंडे और 01 हॉकी स्टिक बरामद की गई। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन कड़ी पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे हथियारों के बल पर डकैती की योजना बना रहे थे।
सिविल लाइन पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 50/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4), 313 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे और किन वारदातों में शामिल रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला (30 वर्ष) – इंदिरा मार्केट, नवापारा।
- आलोक साहनी (23 वर्ष) – साहनी पारा, नवापारा।
- नितेश साहनी (24 वर्ष) – साहनी पारा, नवापारा।
- शुभम साहनी (19 वर्ष) – बढ़ईपारा, नवापारा।
- इन्द्र कुमार उर्फ सुमित (25 वर्ष) – दीनदयाल उपाध्याय नगर, नवापारा।
- कुंदन साहनी (20 वर्ष) – साहनी पारा, नवापारा।



