जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से पांडातराई में उप तहसील स्थापना को मिली स्वीकृति

प्रशासनिक कार्यों के लिए अब नहीं करना पड़ेगा तहसील कार्यालय का चक्कर



पंडरिया । पंडरिया विधायक भावना बोहरा की कार्यशैली, सक्रियता एवं जनता की सुविधाओं के लिए तत्परता से जनता की बहुप्रतीक्षित मांगे पूरी हो रही हैं। विगत कई वर्षों से नगर पंचायत पांडातराई में प्रशासकीय एवं भू-राजस्व से जुड़े कार्यों के लिए उप तहसील की स्थापना की मांग की जा रही थी, जो विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से पूरी हुई। नगर पंचायत पांडातराई में उप तहसील स्थापना की स्वीकृति दी गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए भावना बोहरा ने नगरवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि जब आप जनहित के लिए प्रयास करते हैं और वह प्रयास सफल होते हैं तो उसकी ख़ुशी व्यक्त करना आसान नहीं होता है। जन संपर्क के दौरान नगर पंचायत इंदौरी व आस-पास के क्षेत्रों में निवासरत जनता द्वारा लगातार उप तहसील की स्थापना की मांग आती रही। उनकी इस मांग को पूरा करने के लिए हमने लगातार प्रयास किया और आज उस प्रयास का सकारात्मक परिणाम इस सौगात के रूप में मिला है।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री एवं राजस्व मंत्री ने जनता की उस मांग को पूरा करते हुए नगर पंचायत पांडातराई में उप तहसील की स्थापना की स्वीकृति दी है। इससे क्षेत्रवासियों को अब भू-राजस्व से जुड़े विभिन्न कार्यों एवं प्रशासकीय कार्यों के लिए तहसील कार्यालय आने-जाने की समस्या से निजात मिलेगी। यह न केवल एक प्रशासनिक उपलब्धि है, बल्कि हमारे सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक सशक्त कदम है।

विधायक बोहरा ने बताया कि उप तहसील की स्थापना से एक सुव्यवस्थित और स्थानीय प्रशासनिक इकाई के माध्यम से जन शिकायतों और आवश्यकताओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित होगा। साथ ही सभी सेवाएँ उनके घर व ग्राम के नजदीक उपलब्ध होंगी जिससे जनता के समय एवं संसाधनों की बचत भी होगी। यह उप तहसील सुशासन, सुविधा और विकास का प्रतीक बनेगा।

उन्होंने कहा कि यह उप तहसील हमारी जनता के लिए समय और संसाधनों की बचत का एक सशक्त माध्यम बनेगी। यहाँ पर भूमि संबंधी कार्य जैसे राजस्व रिकॉर्ड, जमाबंदी, खसरा-खतौनी, नामांतरण, बंटवारा, और अन्य प्रमाणपत्रों जैसे आय, जाति, निवास, और जन्म-मृत्यु पंजीकरण से संबंधित सेवाएँ प्रदान की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, यहाँ पर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन और जानकारी भी उपलब्ध होगी, जिससे हमारे किसान, युवा, और सामान्य जन आसानी से इन योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

विधायक भावना बोहरा ने यह भी कहा कि उप तहसील न केवल प्रशासनिक कार्यों को गति देगी, बल्कि यहाँ के कर्मचारी जनता की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के लिए तत्पर रहेंगे। यह व्यवस्था पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा के मूल्यों पर आधारित होगी।

अंत में उन्होंने कहा कि नगर पंचायत पांडातराई की जनता के सहयोग और समर्पण का परिणाम है कि आज हम इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का साक्षी बन रहे हैं। मैं यह कामना करती हूँ कि जब यह उप तहसील का संचालन प्रारंभ होगा तो यह हमारे क्षेत्र के विकास में एक मील का पत्थर साबित हो और हमारी जनता के जीवन को और अधिक सुगम और समृद्ध बनाए। हमारा निरंतर प्रयास रहा है कि जनता की सुविधा, सेवा एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उन्हें मिले और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।

उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद से पंडरिया विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों से हुए बदलाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। जनता की हर आकाँक्षाओं को पूरा किया जा रहा है, विकास कार्यों को गति मिली है, सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, आदिवासी व वनांचल क्षेत्रों से लेकर नगर व ग्राम पंचायत स्तर पर विकास और अधोसंरचना निर्माण के कार्य गुणवत्तायुक्त एवं पारदर्शिता के साथ हो रहें हैं, जो आम जनता तक सुविधाएँ पहुंचाने व उनके जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन लेकर आया है। यही है सुशासन की सरकार जो जनता के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button