Big BreakingChhattisgarhFeaturedPoliticsरायपुर

‘सुशासन तिहार’2026:ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और महापौर मीनल चौबे ने किया 7 वार्डों के मेगा शिविर का निरीक्षण, हितग्राहियों को सौंपे स्वीकृति पत्र

नगर निगम जोन 10 के जनसमस्या निवारण शिविर में उमड़ी भीड़,अवैध निर्माणों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश।







रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे उन तक पहुँचाने के लिए आज रायपुर नगर पालिक निगम जोन क्रमांक 10 के अंतर्गत भव्य ‘सुशासन तिहार’ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। देवपुरी गुरुद्वारा परिसर के समीप आयोजित इस मेगा शिविर में क्षेत्र के 7 वार्डों (वार्ड क्रमांक 49, 50, 52, 53, 54, 55 और 56) के हजारों नागरिक अपनी समस्याओं और मांगों के आवेदन लेकर पहुंचे।

शिविर की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) के अध्यक्ष नंदकुमार साहू और निगम आयुक्त संबित मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 15 से अधिक स्टॉलों का जायजा लिया और वहां मौजूद आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना।

महापौर मीनल चौबे ने नागरिकों से अपील की कि वे इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने जोन कमिश्नर और संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों, मांगों और शिकायतों का निराकरण एक माह की तय समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। महापौर ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जोन 10 के वार्डों में अवैध निर्माण से संबंधित जितने भी आवेदन प्राप्त हुए हैं, उन पर नगर निवेश विभाग तुरंत संज्ञान ले और शासकीय अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे।

शिविर को संबोधित करते हुए रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि जब से प्रदेश में विष्णुदेव साय की सरकार आई है, तब से रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये से अधिक के नए विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए जा चुके हैं। पूर्ववर्ती सरकार में विकास पूरी तरह ठप्प था। उन्होंने प्रतिपक्ष के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधी दल अब हो रहे तेज विकास कार्यों को अपने समय का बताकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि ये सभी कार्य वर्तमान साय सरकार की देन हैं। विधायक ने जनता से विकास विरोधी ताकतों से सावधान रहने की अपील की।

सुशासन तिहार शिविर में प्रशासनिक सक्रियता का अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 12 पात्र हितग्राहियों (बालू विश्वकर्मा, कामदेव साहू, प्रदीप सेन, हेमा बाई साहू, हिरेश साहू, कौशल्या शर्मा, लक्ष्मी पुरेना, मोना हलधर, रामदास जोशी, साद बाई, वर्षा हलघर, और नंदकुमार गडरिया) को आवेदन करते ही मकान निर्माण हेतु भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा मंच से नए राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और ई-श्रम कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर गर्भवती माताओं की गोदभराई और नवजात शिशुओं के अन्नप्राशन की रस्म भी सादगी व उत्साह के साथ पूरी की गई।

चूंकि आज विश्व पर्यावरण दिवस भी है, इसलिए इस अवसर को यादगार बनाते हुए विधायक मोतीलाल साहू ने ‘मौलश्री’ और मेयर मीनल चौबे ने ‘कचनार’ का पौधा रोपित किया। भीषण गर्मी के बीच दोनों जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील की कि वे शहर के सुरक्षित स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनकी देखभाल अपनी संतान की भांति करने का संकल्प लें।

इस गरिमामयी अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि मैकमिलन साहू, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी मेघानी, एमआईसी सदस्य डॉ.अनामिका सिंह, अमर गिदवानी, भोला राम साहू, पार्षद सुषमा तिलक साहू, गायत्री नौरंगे, विनय पंकज निर्मलकर, मनोज जांगड़े, विनय प्रताप सिंह ध्रुव, राजेश गुप्ता, एडीएम उमाशंकर बंदे, अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा और कार्यपालन अभियंता गजाराम कंवर सहित बड़ी संख्या में शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button