धरसींवा को मिली उप रजिस्ट्रार कार्यालय की सौगात:विधायक अनुज शर्मा के प्रयास लाए रंग, शासन ने जारी की अधिसूचना
क्षेत्र के 60 गांवों के ग्रामीणों को अब रायपुर की दौड़ से मिली मुक्ति, जून से शुरू हो जाएगा कामकाज


धरसींवा। विधानसभा क्षेत्र धरसींवा के ग्रामीणों के लिए एक बड़ी और बेहद राहत भरी खबर है। क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा के अथक और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप धरसींवा ब्लॉक मुख्यालय में ‘नवीन उप रजिस्ट्रार (उप पंजीयक) कार्यालय’ की स्थापना होने जा रही है।छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस नवीन कार्यालय को जून महीने से ही शुरू करने की आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस ऐतिहासिक फैसले से क्षेत्र के 60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही रजिस्ट्री व राजस्व संबंधी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
इस बड़ी उपलब्धि पर क्षेत्र की जनता को बधाई देते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि धरसींवा मुख्यालय में उप रजिस्ट्रार कार्यालय की शुरुआत होना हमारे क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधा की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर है। हमारा मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुँचाना और उनके रोजमर्रा के संघर्षों को कम करना है। चुनाव के दौरान मैंने क्षेत्र की जनता से वादा किया था कि उन्हें छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए रायपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, आज वह वादा पूरा हो रहा है।
विधायक शर्मा ने आगे कहा कि हमारे ग्रामीण भाइयों-बहनों को अपनी ही जमीन की रजिस्ट्री के लिए पूरा दिन बर्बाद कर रायपुर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता था। अब 60 गांवों के लोगों को अपने घर के पास ही यह सुविधा मिलेगी। यह कार्यालय जल्द ही पूर्ण रूप से सुचारू रूप से कार्य करना प्रारंभ कर देगा। उन्होंने इस जायज और पुरानी मांग को सहर्ष स्वीकार करने के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
गौरतलब है कि अब तक धरसींवा क्षेत्र के ग्रामीणों को जमीन-मकान की रजिस्ट्री और इससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कामों के लिए राजधानी रायपुर के चक्कर काटने पड़ते थे। इससे स्थानीय जनता को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था, बल्कि भारी मानसिक परेशानी भी झेलनी पड़ती थी। विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों की इस व्यावहारिक समस्या को गंभीरता से समझा और शासन स्तर पर इसकी लगातार मज़बूत पैरवी की। धरसींवा में ही उप रजिस्ट्रार कार्यालय खुलने से अब न केवल ग्रामीणों का काम आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्यों में भी अभूतपूर्व तेजी आएगी।
धरसींवा के इस नए उप पंजीयक कार्यालय के क्षेत्राधिकार में कुल 60 गांवों को शामिल किया गया है। इस नए कार्यालय के खुलने से क्षेत्र के 60 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अंतर्गत नगर पंचायत कुरा सहित धरसींवा, सिलतरा, मांढर, सिलयारी, चरौदा, सांकरा और धनेली जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा भेरवा, पंडरभट्टा, मुरा, भैंसमुड़ा, बरतनारा, अकोली, मनोहरा, देवरी, मेहरशखा, कुकेरा, कुथरैल, मौहागांव, मलौद, कुरूद, पथरी, तरेसर, मंगसा, पवनी, निलजा, तर्रा, बरबंदा, नेउरडीह, नगरगांव, टोर, गिधौरी, गोढ़ी, मोंहदी, रैता, तिवरैया, परसतराई, मुनरेठी, टाडा, गिरौद, सौंढ़रा, बहेसर, चिखली, कुम्हारी, सारागांव, दौंदेकला, दौंदेखुर्द, जरौदा, छपोरा, भुरकोनी, टेकारी, बाना, कपसदा, निमोरा, कन्हेरा, लालपुर, मटिया, कारा और बोरझरा जैसे तमाम ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब रजिस्ट्री के लिए रायपुर नहीं जाना पड़ेगा।
नवीन कार्यालय की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने पर धरसींवा क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भारी प्रसन्नता व्यक्त की है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से उप रजिस्ट्रार कार्यालय की मांग की जा रही थी, लेकिन इस पर अमल नहीं हो सका था। विधायक अनुज शर्मा ने इस जनहित के मुद्दे को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और शासन से इसे मंज़ूरी दिलाई। ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए कहा कि विधायक जी के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा में प्रशासनिक सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है, जिसके लिए वे विधायक अनुज शर्मा का सहृदय आभार व्यक्त करते हैं।



