गांजा तस्करी मामले में फरार मुख्य आरोपी शिवम सोनी और महिला साथी गिरफ्तार,12.79 लाख का मशरूका जप्त
डिक्की से बरामद हुआ था 21 किलो से अधिक गांजा; पुलिस ने आरोपियों के पास से कार, मोबाइल और दस्तावेज किए जप्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशा तस्करों और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर कमिश्नरेट के डीसीपी (क्राईम एवं सायबर/पश्चिम क्षेत्र) से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस की संयुक्त टीम ने नारकोटिक्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और उसकी एक महिला साथी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पूर्व में भी पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुके थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 8 मई 2026 को एण्टी नारकोटिक टॉस्क फोर्स (ANTF) को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि अभनपुर की ओर से एक सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट कार (क्रमांक सीजी 04 एचई 5555) में भारी मात्रा में अवैध गांजा लाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ANTF, एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम ने भाठागांव-खुड़मुड़ा रोड पर घेराबंदी की।
नाकेबंदी के दौरान जब संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, तो शातिर चालक ने वाहन की गति बढ़ा दी और पुलिस बल को देखकर कार को सड़क किनारे छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया।
फरार आरोपियों की कार की जब सघन तलाशी ली गई, तो उसकी डिक्की में रखी दो प्लास्टिक बोरियों से 21.173 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसकी कुल बाजार कीमत लगभग 2,11,730 रुपये आंकी गई।इसके अलावा कार से 02 नग मोबाइल फोन,बीमा संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड एवं अन्य कागजात,एक प्लास्टिक जरीकेन में भरा 5 लीटर डीजल,पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार सहित कुल 12,79,000/- रुपये का मशरूका जप्त कर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 204/26 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के कड़े दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण और दस्तावेजों का सूक्ष्म अवलोकन किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी शिवम सोनी और महिला आरोपी काजल साहू की मौजूदगी के संबंध में सटीक इनपुट मिला, जिसके बाद घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
विवेचना में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी शिवम सोनी थाना न्यू राजेन्द्र नगर में दर्ज एक अन्य एनडीपीएस मामले (अपराध क्रमांक 56/2026) में भी वांछित था। बीते 7 फरवरी 2026 को लालपुर ओवरब्रिज के नीचे कुष्ठरोग अस्पताल के पास कार्रवाई के दौरान भी शिवम सोनी पुलिस को चकमा देकर कार से कूदकर भाग गया था। उस समय पुलिस ने उसके साथी हिमांशु केशरवानी को 20.300 किलोग्राम गांजे (कीमत 2.05 लाख रुपये) और एक अन्य स्विफ्ट कार के साथ गिरफ्तार किया था। अब इस दूसरे मामले में भी शिवम सोनी की विधिवत गिरफ्तारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- शिवम सोनी (उम्र 24 साल): पिता रवि सोनी, निवासी ग्राम मलाक सद्दी, थाना मंझनपुर, जिला कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश)। हाल पता: बिन्दा बाई सोनकर स्कूल के सामने वाली गली, अश्वनी नगर, थाना पुरानी बस्ती, जिला रायपुर।
- श्रीमती काजल साहू (उम्र 28 साल): पति राकेश साहू, निवासी ग्राम सेंध, थाना मन्दिर हसौद, जिला रायपुर। हाल पता: हाउसिंग बोर्ड कालोनी, रिको नया रायपुर, थाना मन्दिर हसौद, जिला रायपुर।



