दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहल: भिलाई के उप मंडलीय रेलवे अस्पताल में लगा विशेष आई कैंप, 63 की हुई जांच
श्री गणेश विनायक आई हॉस्पिटल के सहयोग से हुआ आयोजन, जरूरतमंदों को बांटी गई आई ड्रॉप और चश्मे

रायपुर । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल द्वारा अपने कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया गया है। मंडल के उप मंडलीय रेलवे अस्पताल (बीएमवाय, भिलाई) में 08 अगस्त 2026 को ‘श्री गणेश विनायक आई हॉस्पिटल’ के तकनीकी सहयोग से एक विशाल नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) रायपुर डॉ. के पी एस कासीपथी के कुशल मार्गदर्शन तथा बीएमवाय भिलाई के एडीएमओ डॉ. जेड येरिस्वामी नायक एवं एडीएमओ डॉ. ए तेजेश यादव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान श्री गणेश विनायक आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम द्वारा कुल 63 रेलवे लाभार्थियों के आंखों की गहन एवं विस्तृत जांच की गई। परीक्षण के उपरांत आवश्यकतानुसार मरीजों को चश्मे वितरित किए गए तथा आंखों की सही देखभाल, एहतियाती उपायों एवं आगे के उपचार के लिए चिकित्सकीय सलाह दी गई। इस अवसर पर जरूरतमंदों को निःशुल्क सीएमसी आई ड्रॉप भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने में अस्पताल के पैरामेडिकल स्टाफ पूनम तिर्की, मिथिलेश एवं राजकुमार का महत्वपूर्ण एवं सक्रिय योगदान रहा। शिविर में उपस्थित रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों के उत्साहजनक सहयोग से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा।
उल्लेखनीय है कि रायपुर रेल मंडल द्वारा अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के शारीरिक कल्याण एवं बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है।



