कला और संस्कृति समाज की अमूल्य धरोहर, प्रतिभाओं को तराशेगा ‘शक्ति बाला कला केंद्र’
मुख्य अतिथि योगेश अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया उद्घाटन, कत्थक और बॉलीवुड डांस की दीक्षा देगा केंद्र

रायपुर । राजधानी रायपुर में कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शक्ति बाला वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘शक्ति बाला कला केंद्र’ का भव्य शुभारंभ हुआ। उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व फाउंडेशन की प्रदेश अध्यक्ष व कला केंद्र की डायरेक्टर श्वेता ठाकुर ने किया। समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी योगेश अग्रवाल रहे, जिन्होंने रिबन काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सुंदर राव, लक्ष्मी नारायण लाहोटी एवं महेश अयंगार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान कलाकारों ने कत्थक, सेमी-क्लासिकल, बॉलीवुड सहित विभिन्न नृत्य विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने वहां मौजूद भारी जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।
मुख्य अतिथि योगेश अग्रवाल ने कहा कि कला और संस्कृति हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। शक्ति बाला कला केंद्र जैसे संस्थान बच्चों और युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने और उन्हें सही दिशा देने में मील का पत्थर साबित होंगे।
संस्था की अध्यक्ष व डायरेक्टर श्वेता ठाकुर ने केंद्र की भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस कला केंद्र में कत्थक, जुम्बा, सेमी-क्लासिकल, बॉलीवुड डांस और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का पेशेवर व नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी के विद्यार्थियों में कला व संस्कृति के प्रति रुचि जगाना और उनके आत्मविश्वास का सर्वांगीण विकास करना है।
इस भव्य शुभारंभ समारोह में शहर के बड़ी संख्या में कलाकारों, समाजसेवियों तथा गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



