रायपुर पुलिस का नशे के सामान पर प्रहार, दो बोरी ‘गोगो पेपर’ और चिलम बरामद
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डी.डी. नगर क्षेत्र में चली सघन चेकिंग मुहिम।

रायपुर । राजधानी में नशे के काले कारोबार और इसमें सहायक सामग्रियों के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के मार्गदर्शन में रायपुर पश्चिम पुलिस ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है।
सघन चेकिंग अभियान और बरामदगी
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं एसीपी देवांश सिंह राठौर के नेतृत्व में थाना डी.डी. नगर क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न पान ठेलों और संदिग्ध दुकानों की सघन तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस टीम ने दो दुकानदारों को अवैध रूप से नशे की सामग्री बेचते हुए पकड़ा।
तलाशी में आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 बोरियां गोगो फोल्डिंग पेपर, चिलम और चिलम में उपयोग होने वाले विशेष कपड़े बरामद किए गए। जब्त की गई इस सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 25,000/- रुपये बताई जा रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध उचित वैधानिक कार्यवाही की गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्यवाही से क्षेत्र के नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गोगो फोल्डिंग पेपर, चिलम और नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली किसी भी अन्य सामग्री की बिक्री अवैध है। पुलिस विभाग ने चेतावनी दी है कि युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले इन सामानों के विरुद्ध रायपुर पुलिस का यह अभियान निरंतर और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।



