Big BreakingChhattisgarhFeaturedरायपुर
Trending

​हाईटेक सुविधाओं से लैस होगा रायपुर प्रेस क्लब, 1 करोड़ की लागत से कायाकल्प के लिए जनसंपर्क एवं निगम आयुक्त ने किया निरीक्षण

1 करोड़ से बदलेगी रायपुर प्रेस क्लब की सूरत, सर्वसुविधायुक्त और आधुनिक बनेगा पत्रकारों का नया ठिकाना ।







रायपुर । राजधानी रायपुर की बढ़ती गरिमा और आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप रायपुर प्रेस क्लब को एक विश्वस्तरीय और सर्वसुविधायुक्त स्वरूप देने की दिशा में एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा स्वीकृत 1 करोड़ की विशेष राशि से प्रेस क्लब भवन के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण का कार्य जल्द ही धरातल पर नजर आएगा। इसी सिलसिले में आज जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल एवं रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रेस क्लब भवन का सघन निरीक्षण किया और प्रस्तावित विकास कार्यों का विस्तृत जायजा लिया।

​निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रेस क्लब भवन की वर्तमान स्थिति और भविष्य की जरूरतों का बारीकी से मूल्यांकन किया। इस दौरान आधुनिक इंटीरियर, साज-सज्जा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की रूपरेखा तय की गई। जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल ने इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पत्रकारों और प्रेस क्लब के पदाधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने पत्रकारों से सुझाव आमंत्रित किए ताकि इस परिसर को आने वाले समय की तकनीकी और व्यावहारिक जरूरतों के हिसाब से सर्वश्रेष्ठ रूप में विकसित किया जा सके।

प्रस्तावित कार्ययोजना के मुताबिक, नए कलेवर में तैयार होने वाले रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके तहत प्रेस कॉन्फ्रेंस और बड़े आयोजनों के लिए दो अत्याधुनिक व साउंडप्रूफ सभागारों (Auditoriums) का निर्माण किया जाएगा, तो वहीं समसामयिक चर्चाओं और डिजिटल मीडिया की समकालीन जरूरतों को देखते हुए एक हाईटेक लाइव डिस्कशन स्टूडियो भी तैयार होगा। इसके साथ ही पत्रकारों की सेहत और तनावमुक्ति को ध्यान में रखते हुए परिसर में एक सर्वसुविधायुक्त जिम हॉल और गेमिंग ज़ोन विकसित किया जाएगा। आगंतुकों की सुविधा और बैठकों के लिए एक शानदार ड्रॉइंग व लाउंज हॉल के साथ बेहतर बैठक व्यवस्था तैयार की जाएगी, जबकि भवन के बाहरी हिस्से को आकर्षक लुक देने के लिए सुंदर लैंडस्केपिंग और सुविधायुक्त आधुनिक शौचालयों का निर्माण भी इस कायाकल्प योजना में शामिल है।

इस पूरे नवनिर्माण का मुख्य उद्देश्य राजधानी के मीडिया जगत से जुड़े साथियों को एक अत्यंत आधुनिक, तनावमुक्त और गरिमामय कार्यस्थल (Workspace) प्रदान करना है।

​निरीक्षण के बाद जनसंपर्क विभाग, नगर निगम और प्रेस क्लब के बीच बेहतर तालमेल के साथ काम शुरू करने की रणनीति बनाई गई। जनसंपर्क आयुक्त ने नगर निगम को आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक कार्रवाई तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने आश्वस्त किया कि इस निर्माण कार्य को उच्च प्राथमिकता सूची में रखते हुए समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा कराया जाएगा।

​रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी ने वर्तमान भवन की ढांचागत चुनौतियों और प्रस्तावित जीर्णोद्धार की विस्तृत रूपरेखा दोनों आयुक्तों के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब को राजधानी की साख और गरिमा के अनुरूप एक आधुनिक पहचान दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए राज्य शासन द्वारा ₹1 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिलना समूचे पत्रकार समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

​इस महत्वपूर्ण निरीक्षण और विमर्श के दौरान रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े सहित कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, ज़ाकिर घुड़सेना, संतोष साहू, चंदन साहू, नीरज मिश्रा और संजीव सिन्हा उपस्थित थे।

​इसके साथ ही रायपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश शर्मा, बृजेश चौबे, रामावतार तिवारी सहित वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, विजय मिश्रा, यशवंत धोटे, प्रफुल्ल पारे, रवि भोई, राजेश जोशी, संजीव वर्मा, ई. वी. मुरली, समीर शुक्ला, संदीप तिवारी, मनीष वोरा, शंकर चंद्राकर, पप्पू फरिश्ता, प्रदीप चंद्रवंशी, प्रहलाद दमाहे, मनोज बघेल, चंद्रकांत दौंड़, रमेश पाण्डेय, जतिन नचरानी, गिरीश केसरवानी समेत बड़ी संख्या में पत्रकारगण और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button