टिकरापारा में अवैध शराब बेचता पकड़ाया युवक, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देश पर एक्शन मोड में पुलिस, चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाई गई ।

रायपुर । राजधानी रायपुर में अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना टिकरापारा पुलिस की टीम ने क्षेत्र के देवपुरी भाठागांव में दबिश देकर अवैध रूप से शराब बेच रहे एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, वेस्ट जोन के पुलिस उपायुक्त (DCP) श्री संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त (न्यू राजेंद्र नगर) श्री नवनीत पाटित द्वारा शहर में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने और संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में 24 जून को टिकरापारा पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि भाठापारा देवपुरी निवासी अजय जांगड़े अपने पास अवैध रूप से शराब रखकर उसे बेचने की फिराक में है।
थाना प्रभारी टिकरापारा (निरीक्षक) राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में तत्काल पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित कर तस्दीक के लिए रवाना की गई। पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से आरोपी के ठिकाने पर गोपनीय रूप से दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी अजय जांगड़े को धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध रूप से बिक्री के लिए रखी गई कुल 35 पौवा ‘शोले’ देशी मदिरा (कुल मात्रा 6.300 लीटर) बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3,500 रुपये बताई जा रही है।
टिकरापारा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 570/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट (Excise Act) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: अजय जांगड़े (उम्र 33 वर्ष)
- पिता का नाम: कल्याण सिंह जांगड़े
- निवासी: भाठापारा देवपुरी, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)



