रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई:48 लाख के फेरो मैंगनीज में मिलावट कर गबन करने वाला अंतर्राज्यीय ठग गिरफ्तार
पुलिस ने जप्त किया घटना में प्रयुक्त ट्रक; राजस्थान और हरियाणा तक फैला था ठगी का जाल।

रायपुर । राजधानी रायपुर की उरला पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने परिवहन के दौरान कीमती ‘मीडियम कार्बन फेरो मैंगनीज’ में पत्थर और गिट्टी की मिलावट कर लाखों रुपये का गबन किया। पुलिस ने आरोपी शौकीन खान को राजस्थान के अलवर से घेराबंदी कर पकड़ा है।
गाजियाबाद स्थित फ्लक्समिन मेटल प्रा. लिमिटेड के मार्केटिंग मैनेजर कुणाल जिंदल ने उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी कंपनी ने रायपुर की हीरा पावर एंड स्टील लिमिटेड से 43 मीट्रिक टन फेरो मैंगनीज का ऑर्डर दिया था, जिसे ट्रक (RJ 14 GK 4320) के जरिए राजस्थान के भिवाड़ी भेजना था। 13 मार्च को रवाना हुआ यह माल 11 दिन की देरी से गंतव्य पर पहुँचा।
जब प्लांट में माल की जांच हुई, तो अधिकारी दंग रह गए। ट्रक चालक ने रास्ते में सभी 43 बैगों की सील तोड़कर कीमती मैंगनीज निकाल लिया था और वजन बराबर करने के लिए उसमें गिट्टी, पत्थर और आयरन ओर भर दिया था। इस हेराफेरी से लगभग 48 लाख रुपये का माल पूरी तरह अनुपयोगी हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में उरला पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस टीम राजस्थान के अलवर पहुँची। वहां कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी शौकीन खान (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी शौकीन खान ने कबूल किया कि उसने रास्ते में करीब 3 टन माल निकालकर हरियाणा के एक कबाड़ी को मात्र 1.20 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक को जप्त कर लिया है। उरला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(3), और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब इस प्रकरण में शामिल हरियाणा के उस कबाड़ी और एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: शौकीन खान (पिता: भुट्टा खान)
निवासी: ग्राम मोरेडा, जिला अलवर, राजस्थान।



