होली के रंग में पड़ा भंग:आरंग में मामूली विवाद पर युवक की चाकू गोदकर हत्या, 8 आरोपी गिरफ्तार
बाइक सवार युवक को रोककर सीने और पीठ पर किए थे चाकू से वार, इलाके में दहशत।

रायपुर । राजधानी रायपुर के ग्रामीण इलाके आरंग में होली के त्यौहार के दौरान हिंसा की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ आपसी विवाद के चलते एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। रायपुर पुलिस (ग्रामीण) ने तत्परता दिखाते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मोनू ठाकुर ने थाना आरंग में शिकायत दर्ज कराई कि बीते 4 मार्च को वह अपने साथी नीरज लोधी और नीलेश लोधी के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। सुबह करीब 11:30 बजे केंवसी साहू पारा के पास ध्रुव निषाद, राहुल साहू और उनके साथियों ने उन्हें रंग लगाने के लिए रोका। जब नीरज लोधी ने रंग लगाने से मना किया, तो विवाद बढ़ गया।
आरोपियों ने मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली और तीनों को वाहन से नीचे गिरा दिया। विवाद इतना बढ़ा कि संजू निषाद और उसके साथियों ने अपने पास रखे धारदार चाकू से नीरज लोधी के सीने, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना आरंग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की। पुलिस ने घेराबंदी कर मनीष कुमार निषाद (संजू), योगेंद्र निषाद, गौतम कुमार साहू, भोजराम, राहुल साहू, नेमीचंद और धनेश निषाद को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और चूड़ा भी बरामद कर लिया है।
आरंग पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 134/2026, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 103(1), 189, 190, और 191(3) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।



