‘एक पेड़, एक जिम्मेदारी’: विश्व पर्यावरण दिवस पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
भाजपा जवाहर नगर मंडल के कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक पुरंदर मिश्रा,कहा-पीएम मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाकर पर्यावरण और स्वच्छता को बनाएं जनआंदोलन।

रायपुर । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के उत्तर विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल की गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जवाहर नगर मंडल द्वारा आयोजित विशेष स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक पुरन्दर मिश्रा मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान विधायक ने न केवल खुद झाड़ू थामकर स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई, बल्कि पौधारोपण कर आम जनता को प्रकृति के संरक्षण का मजबूत संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमुदाय और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण केवल प्रकृति का विषय नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर मानव जीवन के अस्तित्व और हमारी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ सबसे महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण और वैश्विक जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज के समय में प्रत्येक नागरिक का यह परम कर्तव्य है कि वह प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। एक वृक्ष केवल एक पौधा नहीं होता, बल्कि वह हमें स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और एक संतुलित पर्यावरण का आधार प्रदान करता है।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आज देशभर में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को एक राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस संकल्प को हर घर तक पहुंचाना होगा। उन्होंने जोर दिया कि लोग केवल पौधे न लगाएं, बल्कि उनके जीवित रहने और बड़े होने तक उनकी नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी उठाएं।
जवाहर नगर मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेहद उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई और विभिन्न प्रजातियों के फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे पर्यावरण को स्वच्छ और हरित बनाए रखने के लिए निरंतर काम करेंगे।
समापन पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि एक स्वच्छ और हरित वातावरण ही स्वस्थ समाज की असली नींव है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसे संरक्षित करने का संकल्प ले ले, तो आने वाले वर्षों में इसके बेहद सकारात्मक और दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे।



