रायपुर पुलिसिंग हुई हाई-टेक: गोलबाजार थाने में ‘ई-मालखाना’ का शुभारंभ, जब्त संपत्तियों का रहेगा डिजिटल हिसाब
कोतवाली के बाद अब गोलबाजार में व्यवस्था लागू; पारदर्शी होगी 'चेन ऑफ कस्टडी', अदालती प्रक्रिया को मिलेगी गति

रायपुर । स्मार्ट और पारदर्शी पुलिसिंग की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन स्थित गोलबाजार थाने में आज ‘ई-मालखाना’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक प्रणाली का उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व कमिश्नरेट में ई-मालखाना व्यवस्था की शुरुआत कोतवाली थाने से की गई थी।
ई-मालखाना प्रणाली लागू होने से मुकदमों और अपराधों से जुड़े जब्त माल-मशरूका और संपत्तियों का रखरखाव अब पूरी तरह वैज्ञानिक, सुव्यवस्थित और तकनीक आधारित हो जाएगा। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, गोलबाजार थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी सहित थाने का समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ई-मालखाना प्रणाली के माध्यम से हर जब्त सामान की डिजिटल प्रविष्टि (डिजिटल एंट्री) की जाएगी। इससे जब्त संपत्तियों की “चेन ऑफ कस्टडी” पूरी तरह स्पष्ट रहेगी। किसी भी सामान की वर्तमान स्थिति, विवरण और उससे संबंधित केस की जानकारी अब एक क्लिक पर उपलब्ध होगी, जिससे न केवल पुलिस विवेचना में आसानी होगी, बल्कि न्यायालयीन प्रक्रियाओं में भी पारदर्शिता और तेजी आएगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से लैस करने का काम तेजी से जारी है। भविष्य में चरणबद्ध तरीके से शहर के अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली शुरू करने की योजना है। पुलिस अधिकारियों ने इस पहल को पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिक-हितैषी बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर बताया।



