नवा रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप की मौत
तेज रफ्तार का कहर: मंत्री केदार कश्यप के भतीजे की दर्दनाक मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे और पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के पुत्र निखिल कश्यप (उम्र 19 वर्ष) की बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। यह हादसा नवा रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में सत्य साईं अस्पताल के पास हुआ, जब निखिल अपनी बुलेट बाइक पर सवार होकर जा रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई, जब तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और निखिल को सिर में गंभीर चोट आई। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।वही इस हादसे में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मंत्री केदार कश्यप स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे ने पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र को शोक में डाल दिया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, निखिल कश्यप की सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल कश्यप परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।