16 लाख का 12 चक्का ट्रक चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 4 घंटे में सुलझी गुत्थी

राजधानी से महासमुंद होते हुए भागे थे चोर, इंटर-डिस्ट्रिक्ट पुलिस कोआर्डिनेशन से मिली सफलता।





रायपुर । ​राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में सक्रिय ट्रक चोर गिरोह के विरुद्ध पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। काली माता मंदिर के पास से चोरी हुए 12 चक्का ट्रक को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर आरोपियों सहित बरामद कर लिया है। जप्त ट्रक की कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।

प्रार्थिया मीना निर्मलकर (निवासी अमलीडीह) ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक (CG 07 BC 9172), जिसे उनके पति वीरेंद्र चलाते हैं, 2 मार्च से काली माता मंदिर के पास खड़ा था। आज सुबह 4 बजे जब वे वहां पहुंचे, तो ट्रक गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट जोन और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई।

थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर के नेतृत्व में पुलिस ने घटना स्थल और टोल प्लाजा के CCTV कैमरों को खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि आरोपी ट्रक को लेकर शहर से बाहर भागे हैं। रायपुर पुलिस ने तत्काल ACCU, महासमुंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की सलीहा पुलिस से संपर्क साधा और सूचनाएं साझा कीं।

सघन तलाशी और अंतर-राज्यीय समन्वय के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान रितेश दास उर्फ माइकल (26 वर्ष) और बजरंगी परिहार (19 वर्ष) के रूप में की। दोनों आरोपियों को चोरी के ट्रक के साथ सलीहा थाना क्षेत्र (सारंगढ़-बिलाईगढ़) में घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी बजरंगी परिहार पहले भी चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है और बाल संप्रेषण गृह, माना में निरुद्ध रह चुका है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button