‘निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण’ पर भाजपा की बड़ी बैठक , विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा- हर नागरिक का नाम सूची में हो सुनिश्चित
भाजपा ने शुरू किया 'SIR-2025' अभियान:बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने मतदाता सूची पुनरीक्षण पर दिया जोर

बसना। आगामी विधानसभा चुनावों की पृष्ठभूमि में भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘SIR-2025’ (Special Intensive Revision) कार्यक्रम का आयोजन बसना में किया गया। इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य त्रुटिरहित मतदाता सूची सुनिश्चित करना और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने की, जिनकी ओजस्वी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। साथ ही, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है। यदि एक भी पात्र नागरिक का नाम सूची से वंचित रह जाए, तो यह हमारे संवैधानिक मूल्यों के साथ अन्याय होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे SIR-2025 के अंतर्गत चल रहे पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और प्रत्येक घर तक पहुंचकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी नाम छूटे नहीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए।
विधायक डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हाल ही में मतदाता सूची में नाम छूटने की शिकायतें सामने आई हैं, जो चिंताजनक हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे हर नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करें।
विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल चुनावी रणनीति नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सशक्त करने की दिशा में एक ठोस कदम है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की तकनीकी जानकारी, फॉर्म भरने की प्रक्रिया, दस्तावेजों की वैधता और शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड नवनियुक्त अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, जिला अध्यक्ष येतराम साहू, जिला उपाध्यक्षगण कृष्ण कुमार साहू एवं हरप्रसाद पटेल सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



