रायपुर । पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कराने की मांग को लेकर बड़ा अभियान छेड़ दिया है। शनिवार सुबह 11 बजे से ‘‘हस्ताक्षर अभियान’’ चलाया गया, जिसमें आम जनता से हस्ताक्षर लिए गए। इस दौरान उपाध्याय ने टोल प्लाजा पर अवैध रूप से टोल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं से संवाद कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया और न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए हस्ताक्षर जुटाए।
अभियान के तहत उपाध्याय ने टोल प्लाजा में 04 रायपुर और 07 दुर्ग के फ्री वाहनों की एंट्री के लिए बनाए गए ओपन मार्ग पर लगे स्कैनिंग कैमरे को काले पेंट से पोतकर बंद कर दिया। उन्होंने कहा कि जब इस रास्ते से वाहनों को नि:शुल्क प्रवेश देना ही है, तो स्कैनिंग कैमरे की आवश्यकता क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन कैमरों की मदद से बाद में वीआईपी वाहनों के फास्टटैग से भी अवैध रूप से शुल्क काटा जाता था।
इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के संरक्षण में संचालित अवैध टोल वसूली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विकास उपाध्याय ने कहा कि उनकी टीम द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने पहले एनएचएआई कार्यालय में प्रोजेक्ट डायरेक्टर दिग्विजय सिंह से चर्चा की थी और इस टोल प्लाजा पर कई बार प्रदर्शन किया गया। परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजने के साथ ही एनएचएआई के क्षेत्रीय प्रमुख और भाजपा के 10 लोकसभा सांसदों को भी ज्ञापन सौंपा गया।
अभियान में बबीता नत्थानी, अशोक ठाकुर, प्रकाश जगत, कमलेश मिश्रा, कमलाकांत शुक्ला, अमनदीप शर्मा, हरीश साहू, पप्पू खैरा, पम्मी चोपड़ा, भूपेन्दर शेरगिल सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे इस मुद्दे पर न्यायालय तक जाएंगे और कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कराकर ही दम लेंगे।