‘ऑपरेशन निश्चय’: न्यू ईयर पार्टियों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

मुख्य सप्लायर पराग बरछा समेत गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार, नाबालिग लड़की भी शामिल।





रायपुर । राजधानी में न्यू ईयर ईव की पार्टियों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने की साजिश को रायपुर पुलिस ने नाकाम कर दिया है। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। थाना न्यू राजेन्द्र नगर और एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने वरण अपार्टमेंट में रेड मारकर नागपुर के तस्कर और रायपुर के मुख्य सप्लायर सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

अपार्टमेंट में चल रहा था ड्रग्स का खेल

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर स्थित वरण अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ लोग भारी मात्रा में MDMA ड्रग्स के साथ मौजूद हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में टीम ने घेराबंदी कर रेड मारी। मौके से मुख्य सप्लायर पराग बरछा उर्फ रघु, नागपुर का तस्कर शुभम राजूधावड़े, अमन शर्मा, शुभम सिंघनापुरे उर्फ आर्यन और एक नाबालिग लड़की को रंगे हाथ पकड़ा गया।

नागपुर से रायपुर तक जुड़ा था सिंडिकेट

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी शुभम राजूधावड़े विशेष रूप से नागपुर से ड्रग्स की खेप लेकर रायपुर आया था। रायपुर का मुख्य सप्लायर पराग बरछा इसे स्थानीय स्तर पर होटल और इवेंट पार्टियों में खपाने की तैयारी में था। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 ग्राम MDMA ड्रग्स, 4 मोबाइल फोन और 20,000 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3,50,000 रुपये आंकी गई है।

इवेंट ऑर्गेनाइजर्स के संपर्क में थे आरोपी

जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह शहर के बड़े होटलों में होने वाले आयोजनों के लिए इवेंट ऑर्गेनाइजर्स के संपर्क में था। पुलिस अब फरार आरोपियों और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी है। आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में नारकोटिक्स एक्ट (NDPS) की धारा 21बी और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button