रायपुर पुलिस की ‘End-to-End’ कार्रवाई: केनाल रोड पर घेराबंदी कर पकड़े गए गांजा तस्कर, 32 लाख का माल जप्त
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही पुलिस, नेटवर्क के मास्टरमाइंड की तलाश तेज।

रायपुर । राजधानी में नशे के काले कारोबार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने केनाल रोड पर घेराबंदी कर एक कार से भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर रहे दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपये नगद और तस्करी में प्रयुक्त टोयोटा कार बरामद की है। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 32.67 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पास एक लग्जरी कार (MH 01 BU 9616) में दो संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए।
संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहाँ वाहन में सवार हृषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (धमतरी) और हिमांशु दामले (मोहला-मानपुर) को हिरासत में लिया गया। कार की तलाशी लेने पर पैकेटों में भरा 50 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने न केवल नशीला पदार्थ, बल्कि आरोपियों के पास से 2 मोबाइल फोन और नगदी भी जप्त की है।
रायपुर पुलिस केवल इन गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेजेस (कहाँ से लाए और कहाँ बेचना था) के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 88/26, धारा 20(सी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस वर्ष अब तक ACCU की टीम ने गांजा तस्करी के 12 प्रकरणों में 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक कुल 125 किलो से अधिक गांजा और लगभग 75 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपी:
- हृषिकेश उर्फ ऋषि सरोज (28 वर्ष), निवासी: धमतरी।
- हिमांशु दामले (31 वर्ष), निवासी: अम्बागढ़ चौकी, मोहला मानपुर।



