राजधानी के 07 थानों में पुलिस की दबिश, 181 स्थायी व गिरफ्तारी वारंट तामील
तेलीबांधा और सिविल लाइन पुलिस रही सबसे आगे, फरार आरोपियों में मचा हड़कंप।

रायपुर । राजधानी के सेंट्रल जोन पुलिस ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर नकेल कसने के लिए एक बड़ा अभियान चलाया है। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में चलाए गए इस 10 दिवसीय विशेष अभियान में कुल 181 वारंटियों को तामील किया गया है।
यह विशेष अभियान 23 जनवरी से 02 फरवरी तक सेंट्रल जोन के अंतर्गत आने वाले सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में चलाया गया। पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर स्थायी, गिरफ्तारी और जमानतीय वारंटों के लंबित मामलों का निपटारा किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने जोन के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसका विवरण निम्नानुसार है:
थाना | तामील किए गए वारंट |
|---|---|
तेलीबांधा | 37 |
सिविल लाईन | 34 |
कोतवाली | 32 |
देवेन्द्र नगर | 30 |
गंज | 24 |
मौदहापारा | 14 |
गोलबाजार | 10 |
कुल योग | 181 |
पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता ने स्पष्ट किया कि माननीय न्यायालय द्वारा जारी वारंटों की तामिली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून से बचने वाले और फरार आरोपियों के विरुद्ध यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का लक्ष्य है कि कोई भी अपराधी न्यायिक प्रक्रिया से बच न सके।



