रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में ‘युवा संवाद’ संपन्न: छात्रों ने जाने बजट के गुर, विधायक अनुज शर्मा ने साझा किया विकास का रोडमैप
तकनीकी शिक्षा और स्टार्टअप्स के लिए सरकार खोल रही है नए द्वार: अनुज शर्मा।

रायपुर । राजधानी रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में आज ‘युवा संवाद: बजट पे चर्चा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष परिचर्चा में मुख्य वक्ता के रूप में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और बजट की जटिलताओं को सरल भाषा में समझाते हुए युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि किसी भी राज्य या देश का बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं होता, बल्कि वह भविष्य के विकास का रोडमैप होता है। आज का युवा जागरूक है और उसे यह समझना अनिवार्य है कि बजट के माध्यम से सरकार अपनी प्राथमिकताएं कैसे तय करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल ‘रोजगार पाने वाला’ नहीं, बल्कि ‘रोजगार देने वाला’ (उद्यमी) बनाना है।
विधायक शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साझा करते हुए कहा कि बजट में शिक्षा, तकनीक और बुनियादी ढांचे पर भारी निवेश किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की, आप केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज के सारथी हैं। सरकार नीतियां बना रही है, लेकिन उनमें सफलता के रंग भरने का काम आप युवाओं को करना है। नवाचार (Innovation) और स्टार्टअप्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्रतिभा अब वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाएगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने बजट में शिक्षा, कौशल विकास और स्टार्टअप्स के लिए आवंटित फंड को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। श्री शर्मा ने बहुत ही आत्मीयता और सरल ढंग से तकनीकी बिंदुओं को स्पष्ट किया और विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक राजेश मूणत, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक इंद्र कुमार साहू उपस्थित रहे। साथ ही भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरीहा और भाजपा जिला अध्यक्ष (शहर) रमेश सिंह ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।



