Big BreakingChhattisgarhCrimeFeaturedरायपुर
Trending

रील के चक्कर में ‘रियल’ एक्शन: रायपुर में दोपहिया पर हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,स्टंट करना पड़ा महंगा

सार्वजनिक मार्ग पर स्टंटबाजी और ओवरलोडिंग करने वालों का थमा चालान,यातायात पुलिस बोली-भविष्य में दोहराई गलती तो होगी जेल।







रायपुर । राजधानी रायपुर की सड़कों पर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने और स्टंटबाजी के जरिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले हुड़दंगियों पर रायपुर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। समाचार पत्र में प्रकाशित एक छायाचित्र (फोटो) का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बीच सड़क पर एक ही दोपहिया वाहन पर चार सवारी बैठाकर स्टंट करने वाले युवकों को न सिर्फ दबोचा, बल्कि उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की है।

​मामला तब सामने आया जब एक स्थानीय समाचार पत्र में चार युवकों द्वारा एक ही बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट करने की तस्वीर छपी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. अर्चना झा के निर्देश पर तत्काल जांच टीम गठित की गई। यातायात पुलिस ने वाहन और संबंधित युवकों का सत्यापन कर उन्हें फौरन कार्यालय तलब किया।

​कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने युवकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम (एमवी एक्ट) की धाराओं के तहत बिना वैध दस्तावेज और खतरनाक ड्राइविंग के लिए धारा 3/181, 5/180, 184 और ​ओवरलोडिंग (चार सवारी) के लिए धारा 128/194(सी) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए कुल ₹4,500 का चालान काटा गया। पुलिस ने साफ किया कि यह कार्रवाई महज एक शुरुआत है, भविष्य में ऐसी लापरवाही पर सीधे वाहन जब्ती और लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

​कार्रवाई के दौरान केवल युवकों पर जुर्माना ही नहीं लगाया गया, बल्कि उनके अभिभावकों (माता-पिता) को भी यातायात कार्यालय बुलाया गया। डीसीपी यातायात की मौजूदगी में काउंसिलिंग करते हुए उन्हें समझाया गया कि इस तरह की स्टंटबाजी और ओवरलोडिंग किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस ने परिजनों को अपने बच्चों की निगरानी करने और उन्हें बिना दस्तावेज वाहन न सौंपने की सख्त हिदायत दी।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। युवा वर्ग रील बनाने या थ्रिल के चक्कर में अपनी जान दांव पर न लगाएं। दोपहिया पर तय सीमा से अधिक लोग न बैठें और हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें। याद रखें— सुरक्षित चलें, जिम्मेदारी से चलें, क्योंकि आपका परिवार घर पर आपका इंतजार कर रहा है।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button