पंडरिया में किसानों को 13.78 करोड़ की सौगात: विधायक भावना बोहरा ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु किया परियोजनाओं का भूमिपूजन

छीरपानी में हुआ भूमिपूजन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का जताया आभार





पंडरिया । पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों की आय में वृद्धि और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के उद्देश्य से, लोकप्रिय विधायक भावना बोहरा के सतत प्रयासों से क्षेत्र को आज 13 करोड़ 78 लाख 74 हज़ार रुपये की बड़ी सौगात मिली है। विधायक बोहरा ने आज ग्राम छीरपानी में कृषि, सिंचाई और जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया।

​इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया।

भूमिपूजन की गई परियोजनाओं में प्रमुख रूप से 13 करोड़ 78 लाख 74 हज़ार रुपये की इन प्रमुख सिंचाई परियोजनाओं में 5.88 करोड़ की लागत से होने वाला महीडबरा जलाशय का कार्य शामिल है, जिसके अंतर्गत शीर्ष कार्य, नहर संरचनाओं का जीर्णोद्धार, 02 नग व्ही.आर.बी. (Village Road Bridge) निर्माण और मुख्य नहर का सी.सी. लाईनिंग (कंक्रीट लाइनिंग) कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, 4.22 करोड़ की लागत से आगर नदी पर ग्राम छीरपानी के पास एक एनीकट का निर्माण होगा, तथा 3.67 करोड़ की लागत से ग्राम अमनिया के कन्हैया नाला पर एनीकट-सह-काजवे का निर्माण और एक उद्वहन सिंचाई योजना का कार्य भी शामिल है, जिससे क्षेत्र के किसानों को बेहतर जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि क्षेत्र में जल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, सिंचाई सुविधा के विस्तार और किसानों की समृद्धि को ध्यान में रखते हुए ये महत्वपूर्ण योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि किसानों के भविष्य, गाँवों की खुशहाली और क्षेत्र की आर्थिक प्रगति की मजबूत नींव है।

​विधायक ने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद जल संचय की क्षमता कई गुना बढ़ेगी, जिससे भू-जल स्तर में सुधार आएगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। एनीकटों के निर्माण से बारहमासी जल स्रोतों का लाभ प्राप्त होगा और जल संकट की समस्या से राहत मिलेगी।

उन्होंने आगे कहा कि इन योजनाओं का सीधा लाभ पंडरिया विधानसभा के हजारों किसानों को मिलेगा। उद्वहन सिंचाई योजना से ऊँचाई पर स्थित खेतों तक भी पानी पहुँचेगा, जबकि मुख्य नहर की सी.सी. लाईनिंग से पानी की बर्बादी रुकेगी।

भावना बोहरा ने बताया कि बेहतर सिंचाई व्यवस्था होने से किसान रबी और खरीफ दोनों ही फसलों की उत्पादकता में वृद्धि कर सकेंगे और फसल चक्र में विस्तार होगा, जिससे उनकी आय में सीधी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने याद दिलाया कि इसके पूर्व भी 121 करोड़ की परियोजनाएं, जैसे हाफ नदी व्यपवर्तन योजना और विभिन्न जलाशयों के रिमॉडलिंग कार्य, क्षेत्र में अपना आकार ले रही हैं।

​विधायक बोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में डबल इंजन भाजपा सरकार जिस तत्परता से मोदी की गारंटी को पूरा कर रही है, वह विकसित भारत का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने कहा कि लगभग ₹400 करोड़ से अधिक के विकास और अधोसंरचना निर्माण कार्य पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पंडरिया विधानसभा को नई पहचान दे रहे हैं।

​इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के किसान और जनता उपस्थित रहे।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button