“धान खरीदी तिहार” बना किसानों की खुशी का आधार: ऑनलाइन टोकन से 48 घंटे में मिला भुगतान
किसान रामानुज पाल ने 15 एकड़ का धान बेचा; 3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर सीएम विष्णु देव साय का किया धन्यवाद

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार, छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया सुगमता और पारदर्शिता के साथ जारी है। राज्य सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3100 प्रति क्विंटल करने से किसानों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
किसान ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन प्राप्त कर बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच रहे हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया आसान हो गई है।
ऑनलाइन व्यवस्था से मिली बड़ी राहत
आरंग ब्लॉक के ग्राम पंचायत रीवा के प्रगतिशील किसान रामानुज पाल ने सरकार की इस व्यवस्था की सराहना की है। पाल ने अपनी 15 एकड़ भूमि में उत्पादित धान का विक्रय किया।
पाल ने विशेष रूप से ऑनलाइन टोकन सुविधा को किसानों के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन टोकन मिलने से वे निर्धारित तिथि पर बिना किसी इंतजार के आसानी से धान बेच पाए।
सुविधा और त्वरित भुगतान
रामानुज पाल ने सबसे महत्वपूर्ण पहलू पर प्रकाश डालते हुए बताया कि धान विक्रय करने के 48 घंटे के भीतर ही धान की पूरी राशि उनके बैंक खाते में जमा हो गई।
खरीदी केंद्र की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि धान खरीदी केंद्र में हमें मॉइश्चर मशीन, हमाल, बारदाना सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। धान का बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य, 3100 प्रति क्विंटल, किसानों का उत्साह और सरकार पर विश्वास बढ़ा रहा है।
किसान रामानुज पाल ने इस त्वरित भुगतान और किसान हितैषी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया।



