पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भाजपा पर तीखा हमला,कहा-नफ़रत ही इनकी प्राणवायु है
विष्णु देव साय की शैक्षणिक पृष्ठभूमि पर राजनीतिक बहस तेज़

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब भाजपा का जनाधार कमजोर होने लगता है, तब वह नफ़रत को अपना राजनीतिक हथियार बना लेती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने और समाज में ज़हर घोलने का काम करती है।
भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा देश के अल्पसंख्यक वर्ग—सिख, ईसाई, मुसलमान, जैन, बौद्ध और आदिवासियों को निशाना बनाती है। भाजपा के लोग नफ़रत को जीते हैं, नफ़रत को फैलाते हैं। नफ़रत ही इनकी प्राणवायु है।
उन्होंने कांग्रेस की भूमिका को इसके विपरीत बताया और कहा कि कांग्रेस देश को जोड़ने का काम करती है। उन्होंने कहा कि हम सामाजिक समरसता और सद्भाव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने धमतरी स्थित प्राचीन क्रिश्चियन अस्पताल को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा निशाना बनाए जाने की घटना को “बेहद निंदनीय” बताया। उन्होंने कहा कि इससे भी अधिक दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे तत्वों को शासन और प्रशासन का संरक्षण मिल रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया, क्या वे लोग दावा कर सकते हैं कि उनके बच्चे किसी क्रिश्चियन स्कूल में नहीं पढ़ते? क्या उनके घरवाले कभी किसी क्रिश्चियन अस्पताल में इलाज नहीं करवाते?
भूपेश बघेल ने भाजपा नेता और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ख़ुद एक ईसाई स्कूल से पढ़कर निकले विष्णु देव साय का ऐसे उपद्रवियों को संरक्षण देना छत्तीसगढ़ के लिए अशोभनीय है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी स्कूली शिक्षा कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से प्राप्त की थी।