पेट्रोल पंप को दहलाने की कोशिश : लाइटर जलाकर बाइक की टंकी में लगाई आग, दो आरोपी गिरफ्तार
उरला पुलिस की त्वरित कार्रवाई: सीसीटीवी फुटेज और पहचान के आधार पर धर्मेन्द्र और इमरान सलाखों के पीछे।

रायपुर । राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र उरला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज सिगरेट जलाने से रोकने पर दो युवकों ने पूरे पेट्रोल पंप को आग के हवाले करने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
घटना बीते 18 फरवरी की शाम लगभग 07:40 बजे की है। उरला थाना अंतर्गत कर्मा चौक स्थित ‘संगीता पेट्रोल पंप’ पर दो युवक अपनी मोटरसाइकिल में ईंधन भरवाने पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, जब पंप कर्मी मोटरसाइकिल की टंकी में पेट्रोल डाल रहा था, तभी पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और सिगरेट पीने के लिए लाइटर जलाने लगा।
मना करने पर दी चुनौती, फिर लगा दी आग
पंप कर्मी ने सुरक्षा कारणों से जब लाइटर जलाने से मना किया, तो युवक तैश में आ गया। उसने जानबूझकर जलता हुआ लाइटर पेट्रोल गिरती हुई टंकी के पास लगा दिया। देखते ही देखते बाइक की टंकी और पेट्रोल मशीन के नोजल ने आग पकड़ ली। मौके पर मौजूद कर्मचारियों की मुस्तैदी और अग्नि शमन यंत्रों के तत्काल उपयोग से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा विस्फोट होने से बच गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
डीसीपी नार्थ जोन के निर्देशन में उरला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज और पहचान के आधार पर पुलिस ने धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय (21 वर्ष) और ईमरान कुरैशी (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लाइटर भी जब्त कर लिया है।
आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(छ), 287 और 125 के तहत अपराध क्रमांक 53/26 पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



