गनौद में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब,ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर देशभक्तों का उत्साह

आरंग । आरंग विकासखंड के ग्राम गनौद में एक अद्भुत देशभक्ति का नज़ारा देखने को मिला, जब तिरंगा यात्रा के माध्यम से पूरे गांव में राष्ट्रप्रेम की भावना गूंज उठी। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व आरंग विधायक खुशवंत साहेब और अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने किया। यात्रा में हजारों ग्रामीणों, अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी रही।

राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा गनौद

इस तिरंगा यात्रा में ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे भारत माता की जय और भारतीय सेना की जय के गगनभेदी नारों से पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। यात्रा के दौरान ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न भी मनाया गया, जिसमें भारतीय सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के ठिकानों पर सटीक कार्रवाई कर देश की सुरक्षा को और अधिक मजबूत किया।

मीडिया से चर्चा के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा,”भारत की सेना ने एक बार फिर साबित किया है कि राष्ट्र की रक्षा सर्वोपरि है। ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के ठिकानों को तबाह कर हमारे वीर जवानों ने देशवासियों को सुरक्षित किया है। पहलगाम हमले में शहीद हुए वीरों का बलिदान व्यर्थ नहीं गया, और आज पूरा देश उनके पराक्रम को सलाम कर रहा है।”

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,”देश की रक्षा में जुटे जवानों का सम्मान करना हमारा प्रथम कर्तव्य है। यह तिरंगा यात्रा उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन करने का एक माध्यम है। हम सभी को देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।”

आरंग विधायक खुशवंत साहेब ने कहा, “यह तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारे गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है। यह हर भारतीय के लिए सम्मान और बलिदान का प्रतीक है। हमें इसे हमेशा ऊंचा रखना चाहिए और अपने देश के प्रति निष्ठा बनाए रखनी चाहिए।”

अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू ने कहा,”देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन बहुत महत्वपूर्ण हैं। यह तिरंगा यात्रा हमारी एकजुटता और राष्ट्र प्रेम को दर्शाती है। हम सभी को एक सशक्त और समृद्ध भारत की दिशा में कार्य करना चाहिए।”

इस भव्य आयोजन में एएसपी विवेक शुक्ला, एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा समेत अनेक प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने भारत के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।

Richa Sahay

ऋचा सहाय — पत्रकारिता और न्याय जगत की एक सशक्त आवाज़, जिनका अनुभव दोनों क्षेत्रों में अद्वितीय है। वर्तमान में The 4th Pillar की वरिष्ठ समाचार संपादक के रूप में कार्यरत ऋचा सहाय दशकों से राजनीति, समाज, खेल, व्यापार और क्राइम जैसी विविध विषयों पर बेबाक, तथ्यपूर्ण और संवेदनशील लेखन के लिए जानी जाती हैं। उनकी लेखनी की सबसे खास बात है – जटिल मुद्दों को सरल, सुबोध भाषा में इस तरह प्रस्तुत करना कि पाठक हर पहलू को सहजता से समझ सकें।पत्रकारिता के साथ-साथ ऋचा सहाय एक प्रतिष्ठित वकील भी हैं। LLB और MA Political Science की डिग्री के साथ, उन्होंने क्राइम मामलों में गहरी न्यायिक समझ और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण स्थापित किया है। उनके अनुभव की गहराई न केवल अदालतों की बहसों में दिखाई देती है, बल्कि पत्रकारिता में उनके दृष्टिकोण को भी प्रभावशाली बनाती है।दोनों क्षेत्रों में वर्षों की तपस्या और सेवा ने ऋचा सहाय को एक ऐसा व्यक्तित्व बना दिया है जो ज्ञान, निडरता और संवेदनशीलता का प्रेरक संगम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button