
रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के आह्वान पर पूरे भारत में ‘‘जय हिंद तिरंगा यात्रा’’ का आयोजन किया गया। इस यात्रा के माध्यम से पहलगाम आतंकी हमले में दिवंगत 26 लोगों को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई गई। राजधानी रायपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में इस यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर कहा कि 26 दिवंगतों के साथ-साथ पुंछ में पाकिस्तानियों द्वारा मारे गए 10 भारतीयों को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने कहा कि जब तक पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद का सफाया नहीं हो जाता, यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी की ओर से संपूर्ण भारत में ‘‘जय हिंद तिरंगा यात्रा’’ निकालने की जानकारी दी और कहा कि इस कठिन समय में देश की सेना के साथ मजबूती से खड़े रहना जरूरी है।
इस यात्रा में सभी जाति, धर्म और मजहब के लोग देश के समर्थन में एकजुट नजर आए। संपूर्ण विपक्ष भी सरकार के साथ खड़ा दिखा। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को सलाम करते हुए उपाध्याय ने कहा कि वीर जवानों की बहादुरी और कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारतीय सेना के जवानों का मनोबल गिरने नहीं दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने इस अवसर पर कहा कि भारत ने सदैव विश्व शांति, भाईचारे और सद्भाव का प्रतिनिधित्व किया है। महात्मा गांधी के आदर्शों पर चलते हुए जरूरत पड़ने पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह की राह अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा। कांग्रेस पार्टी ने अपने समर्थन का पूर्ण राजनीतिक संकल्प व्यक्त किया और कहा कि आतंकियों को उनके कृत्यों की कीमत चुकानी ही पड़ेगी।
इस राष्ट्रव्यापी ‘‘जय हिंद तिरंगा यात्रा’’ के माध्यम से कांग्रेस ने संदेश दिया कि भारत की सहनशीलता और धैर्य की परीक्षा लेने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। भारतीय सेना के सम्मान और शौर्य को सलाम करने हेतु यह यात्रा पूरे देश में निकाली गई, जिसमें कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और जनता ने पूरे जोश से भाग लिया।