रायपुर में ई-चालान का सख्ती से अमल: कमिश्नर शुक्ला का आईटीएमएस निरीक्षण, 90 दिन में न चुकाया जुर्माना तो रुकेंगी वाहन सेवाएं
व्हाट्सऐप पर चालान नोटिफिकेशन, परिवहन सेवाएं बाधित करने की चेतावनी

रायपुर। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को जयस्तंभ चौक स्थित आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ई-चालान की पूरी प्रक्रिया समझी और यातायात अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अब कमिश्नरेट क्षेत्र में ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले सभी वाहनों के 100 प्रतिशत ई-चालान कैमरों के माध्यम से ही तैयार होंगे।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि ई-चालान वाहन मालिकों के मोबाइल पर एसएमएस और व्हाट्सऐप के जरिए तुरंत भेजे जाएं। 90 दिनों के अंदर जुर्माना न चुकाने वालों को नोटिस जारी कर मामला कोर्ट भेजा जाए। परिवहन विभाग से समन्वय कर ऐसे वाहनों और मालिकों का लाइसेंस नवीनीकरण, पर्मिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा व प्रदूषण जांच जैसी सेवाएं रोक दी जाएंगी। भुगतान के बाद ही ये सेवाएं बहाल होंगी। इससे चालान वसूली बढ़ेगी, वाहन मालिक जागरूक होंगे और शहर में ट्रैफिक अनुशासन कायम होगा।
कमिश्नर ने मौके पर चालान काटने की प्रथा को कम करने पर जोर दिया। ई-चालान डिवाइस का उपयोग अनिवार्य कर कहा कि उल्लंघन के फोटो खींचकर आईटीएमएस सिस्टम में अपलोड करें। इससे कार्रवाई में पारदर्शिता आएगी और विवादों से छुटकारा मिलेगा। हालांकि, नशे में वाहन चलाने या नो-एंट्री उल्लंघन जैसे गंभीर मामलों में मौके पर एल्कोमीटर जांच कर चालान कोर्ट भेजा जाए।
एलएंडटी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय को बंद सिग्नल और कैमरों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि यह सिस्टम जनता की सुविधा के लिए है, इसलिए यातायात पुलिस की सूचना पर फौरन मरम्मत होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) गुरजीत सिंह, सतीश ठाकुर, एलएंडटी मैनेजर दीपक मालवीय, थाना प्रभारी सउनि टीकेलाल भोई और आईटीएमएस स्टाफ मौजूद रहे।



