विश्व रेडियो दिवस पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने दी शुभकामनाएं,कहा-सूचना और संस्कृति का सबसे विश्वसनीय सेतु है रेडियो
'आकाशवाणी' ने देश की एकता और सामाजिक चेतना को दी नई दिशा, ग्रामीण भारत की आज भी पहली पसंद है रेडियो।

रायपुर । विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रदेशवासियों, विशेषकर रेडियो जगत से जुड़े कलाकारों और श्रोताओं को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने रेडियो को समाज की ‘धड़कन’ बताते हुए इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
अपने शुभकामना संदेश में विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रेडियो जन-जन से जुड़ा एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जिसने दशकों से समाज को सूचना, शिक्षा और मनोरंजन के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना से जोड़े रखा है। उन्होंने कहा कि रेडियो केवल समाचार का साधन नहीं, बल्कि हमारी भावनाओं और संस्कारों की अभिव्यक्ति का मंच है। वर्ष 1927 में भारत में इसकी शुरुआत से लेकर ‘आकाशवाणी’ की स्थापना तक, इस माध्यम ने राष्ट्र निर्माण और एकता में अमूल्य योगदान दिया है।
आज के तकनीकी युग का जिक्र करते हुए विधायक मिश्रा ने कहा कि भले ही हम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल क्रांति के दौर में जी रहे हों, लेकिन रेडियो की प्रासंगिकता आज भी कम नहीं हुई है। ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरों तक, रेडियो आज भी सूचना का सबसे विश्वसनीय और सुलभ माध्यम बना हुआ है। उन्होंने पारंपरिक माध्यमों के साथ आधुनिक नवाचार के समन्वय को समय की मांग बताया।
विधायक मिश्रा ने रेडियो से जुड़े सभी प्रसारकों, तकनीशियनों और कलाकारों के कठिन परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कामना की कि रेडियो भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा, जागरूकता और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त जरिया बना रहे।



