रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार को एक साल पूरे हो गए है। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे दिसंबर महीने के शुरुआत में जारी हुए थे जबकि इसी माह के पहले पखवाड़े में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीगसढ़ के मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार ग्रहण कर लिया था।छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन और सरकार के मंत्री साय सरकार के एक साल पूरा होने का जश्न मन रही है।
सरकार के एक साल पूरा होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उनके सभी मंत्रिमंडलीय सहयोगी भी मौजूद रहे। इस दौरान साय ने अपनी सरकार के एक वर्ष की उपलब्धियों का रिपोर्ट कॉर्ड भी जारी किया। साथ ही CM विष्णु देव साय ने ‘विष्णु की पाती’ का विमोचन किया। विष्णु की पाती के तहत प्रदेश के किसानों, मजदूरों और महिलाओं के नाम सीएम ने सन्देश भेजा है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए CM विष्णुदेव साय ने कहा- 13 दिसंबर को सरकार का एक साल पूरा हो रहा है। इस अवसर पर सरकार ‘जनादेश परब’ ( पर्व ) मनाने जा रही है। इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे।
सीएम साय ने कहा कि, पहला साल विकास के लिए समर्पित रहा है। 12 महीने में विकास के अनेक आयाम स्थापित किए हैं। एक साल विश्वास का साल घोषित किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, पिछली सरकार में विश्वास का संकट था। हम देवतुल्य छत्तीसगढ़ की जनता को धन्यवाद देते हैं। जनता ने मोदी की गारंटी पर विश्वास करके जनादेश दिया, हमने भी जनता के विश्वास को कायम रखते हुए वादे पूरे किए। प्रदेश अब सुशासन की राह पर है। भ्रष्टाचारियों के खिलाफ तत्परता से कार्यवाही हो रही है।