सपा सेंटर में दबंगई और फायरिंग पड़ गई भारी, पुलिस ने पीएसओ और ड्राइवर को हथियार समेत दबोचा
महिला संचालिका से विवाद के बाद चलाई थी गोली, लाइसेंसी पिस्टल और एयर गन बरामद।

रायपुर । राजधानी के मध्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायपुर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। कटोरा तालाब स्थित एक ‘ब्यूटी पार्लर एंड स्पा’ में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने सूचना मिलने के महज 2 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
मामला दिनांक 25 फरवरी 2026 की रात लगभग 10:00 बजे का है। कटोरा तालाब स्थित एक महिला द्वारा संचालित स्पा सेंटर में दो अज्ञात व्यक्ति नशे की हालत में पहुंचे और स्पा कराने की जिद करने लगे। संचालिका द्वारा दुकान बंद होने और स्टाफ के चले जाने की जानकारी देने पर आरोपी बहस और बदतमीजी पर उतारू हो गए। इसी दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखी पिस्टल से हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
घटना की लिखित शिकायत दोपहर संचालिका द्वारा थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी मध्य क्षेत्र के निर्देशन में तत्काल टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सहायता से घेराबंदी कर मात्र 2 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक नग लाइसेंसी पिस्टल और एक नग एयर गन बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों का विवरण निम्नानुसार है:
- सुनील कुमार पाण्डेय (46 वर्ष): निवासी प्रतापगढ़, यूपी (वर्तमान में प्राइवेट पीएसओ के रूप में कार्यरत)।
- अंगद सिंह (33 वर्ष): निवासी आदर्श नगर, मोवा, रायपुर (पेशा- ड्राइवर)।
रायपुर पुलिस स्पष्ट करती है कि शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी।



