Tuesday, July 1, 2025
HomeBig Breakingसंघर्ष से सफलता तक: वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स में चमके अभिषेक पांडे, विधायक...

संघर्ष से सफलता तक: वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स में चमके अभिषेक पांडे, विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने किया सम्मानित

बसना । महासमुंद जिले के होनहार खिलाड़ी अभिषेक पांडे ने 19वीं नेशनल वुडबॉल चैंपियनशिप 2024-25 में पुरुष सिंगल्स वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के बाद, उन्हें वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स और 27वीं ताइवान ओपन वुडबॉल चैंपियनशिप 2025 के लिए भारतीय वुडबॉल टीम में चुना गया, जिससे महासमुंद का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बुलंद हुआ।

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने अभिषेक की सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें भव्य स्वागत और सम्मान दिया। उन्होंने कहा, “अभिषेक की इस उपलब्धि ने न केवल महासमुंद बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम ऊंचा किया है। वह अपनी मेहनत और जुनून से युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन गए हैं।”

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने अभिषेक के खेल के प्रति निष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा, “अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयन होना केवल खेल कौशल का प्रमाण नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी परिणाम है। अभिषेक ने यह साबित कर दिया कि महासमुंद की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “युवा खिलाड़ीयों को प्रोत्साहन देना हमारी ज़िम्मेदारी है। अभिषेक जैसे खिलाड़ियों को हर संभव सहायता दी जाएगी, ताकि वे आगे भी देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। महासमुंद के प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।”

अंतरराष्ट्रीय मंच पर महासमुंद की चमक

आपको बता दें कि 16 से 20 मई 2025 तक ताइवान की राजधानी ताइपेई में आयोजित वर्ल्ड मास्टर्स गेम्स एवं 27वीं ताइवान ओपन वुडबॉल चैंपियनशिप में दुनियाभर के अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। महासमुंद के अभिषेक पांडे ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय वुडबॉल टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन की कहानी

अभिषेक पांडे कई वर्षों से वुडबॉल खेल में सक्रिय हैं। उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और जुनून ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। वुडबॉल एक रणनीति-आधारित खेल है, जिसमें सटीकता, संतुलन और मानसिक दृढ़ता की आवश्यकता होती है। प्रारंभिक कठिनाइयों के बावजूद, अभिषेक ने अडिग संकल्प के साथ अपने खेल को निखारा और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता अर्जित की।

प्रदेश में खेल विकास को मिलेगी गति

विधायक डॉ संपत अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि महासमुंद के युवा खिलाड़ीयों को सर्वोत्तम सुविधाएं प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा, “अभिषेक की सफलता ने यह साबित कर दिया कि उचित मार्गदर्शन और समर्थन मिलने पर महासमुंद के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक सकते हैं।”

वुडबॉल में महासमुंद की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले के युवाओं में नया उत्साह और नई उम्मीदें जगी हैं। यह सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी और छत्तीसगढ़ में वुडबॉल खेल को नई पहचान दिलाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments