तेज संगीत पर खूनी संघर्ष: रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में घर में घुसकर मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार
टीवी की आवाज कम करने को लेकर ब्लेड से हमला, पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

रायपुर । राजधानी के डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रविवार रात संगीत की आवाज को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और धारदार हथियार (ब्लेड) से हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 15 मार्च की रात करीब 9:00 बजे की है। प्रार्थी अपने भाई आर्यन ठावरे और दोस्तों के साथ घर पर टीवी देख रहा था। इस दौरान टीवी की आवाज थोड़ी तेज थी। रात करीब 10:30 बजे सी-ब्लॉक के कुछ निवासियों ने प्रार्थी के घर का दरवाजा खटखटाया। इससे पहले कि घर वाले कुछ समझ पाते, आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर जबरन घर में प्रवेश किया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोपियों ने ‘तेज आवाज’ का विरोध करते हुए घर में रखे टीवी को क्षतिग्रस्त कर दिया और वहां मौजूद युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसी बीच, एक हमलावर ने आर्यन ठावरे के कान के पास ब्लेड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की शिकायत मिलते ही थाना डी.डी. नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (331(5), 296, 115(2), 351(3), 324(2), 3(5)) के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी की।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
पुलिस ने दबिश देकर इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के ही निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- कुबेर प्रसाद वर्मा (40 वर्ष)
- चंदन गुप्ता (33 वर्ष)
- विष्णु प्रसाद वर्मा (43 वर्ष)



