
रायपुर । रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में स्थित होटल आदित्य गेस्ट हाउस और गगन ग्रैण्ड में अनैतिक देह व्यापार संचालित किए जाने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। इस मामले में फरार चल रहे होटल संचालक और उनके पार्टनर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 08 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

17 मई को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना गंज की संयुक्त टीम ने होटल आदित्य गेस्ट हाउस और गगन ग्रैण्ड में रेड की। इस कार्रवाई में 02 महिला आरोपी सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 04 मोबाइल फोन और नगदी रकम ज़ब्त की गई थी। पुलिस ने अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धाराओं 3, 4, 5, 7 के तहत मामला दर्ज किया था।
इस घटना के बाद से ही होटल संचालक कुणाल बाग और उनके पार्टनर सुमित बावरिया फरार थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी और संभावित ठिकानों पर रेड कर रही थी। इसी दौरान टीम को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी रायपुर में मौजूद हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने अपराध को स्वीकार किया।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के कब्जे से 03 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जो इस अवैध गतिविधि में प्रयुक्त किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी
- 1.कुशाध्वज बाग उर्फ कुणाल (पिता: स्व. राजेंद्र बाग, उम्र: 42 वर्ष, निवासी: फाफाडीह, जिला रायपुर)
- 2.सुमित बावरिया (पिता: स्व. अनंत राम बावरिया, उम्र: 40 वर्ष, निवासी: देवेंद्र नगर, रायपुर)