रायपुर में ‘पटाखा’ फोड़ने वाली 65 बुलेट जब्त, हर बाइक पर 5000 का भारी जुर्माना
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर विशेष अभियान: 65 वाहनों से उतरवाए गए अमानक साइलेंसर।

रायपुर । राजधानी की सड़कों पर बुलेट से ‘पटाखे’ जैसी आवाज निकालकर दहशत फैलाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ रायपुर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कड़े निर्देश और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
भारी जुर्माना और साइलेंसर जब्ती
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 65 बुलेट वाहनों को मौके पर ही जब्त किया। इन सभी वाहन स्वामियों पर मोटरयान अधिनियम के तहत 5000-5000 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने न केवल जुर्माना वसूला, बल्कि मौके पर ही अमानक साइलेंसरों को निकलवाकर जब्त कर लिया। वाहन मालिकों को सख्त हिदायत दी गई कि मानक साइलेंसर लगवाने के बाद ही उन्हें वाहन वापस सौंपे जाएंगे।
दुर्घटनाओं का सबब बन रहा था ‘शोर’
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ बुलेट चालक लापरवाही पूर्वक अवैध साइलेंसर लगाकर चलते हैं। सड़क पर चलते समय अचानक निकलने वाली ‘पटाखे’ की आवाज से अन्य वाहन चालक, विशेषकर बुजुर्ग और महिलाएं घबरा जाते हैं। इस अचानक पैदा हुए डर के कारण लोग अनियंत्रित होकर सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे थे। इसी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान छेड़ा गया है।
ऑटो पार्ट्स संचालकों को अंतिम चेतावनी
यातायात पुलिस ने केवल वाहन चालकों ही नहीं, बल्कि ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं और बुलेट डीलर्स को भी दो-टूक चेतावनी दी है। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई भी दुकानदार अमानक या असुरक्षित सामग्री का विक्रय करता पाया गया, तो मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित फर्म के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों में कंपनी द्वारा प्रदाय किए गए मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाती है, बल्कि भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों का उल्लंघन भी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।



