नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चिट्टा बेचते पुलिस आरक्षक गिरफ्तार
जीरो टॉलरेंस नीति: पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक हिमांशु बर्मन के पास से बरामद हुई हेरोइन, टिकरापारा पुलिस ने भेजा जेल

रायपुर । राजधानी में नशे के कारोबार के विरुद्ध पुलिस द्वारा चलाई जा रही ‘जीरो टॉलरेंस’ मुहिम के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अपने ही विभाग के एक आरक्षक को प्रतिबंधित मादक पदार्थ ‘चिट्टा’ (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मठपारा स्थित नीलकंठेश्वर मंदिर के पीछे एक व्यक्ति अपनी सफेद एक्सिस वाहन (CG-04-PW-1372) में बैठकर नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम संदीप कुमार पटेल के निर्देश पर टिकरापारा और आजाद चौक थाने की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया।
तलाशी में मिला प्रतिबंधित नशा
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हिंमाशु बर्मन (34 वर्ष) के रूप में हुई, जो पुलिस लाइन रायपुर में आरक्षक के पद पर तैनात है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 01 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी बाजार में कीमत लगभग ₹8,000 आंकी गई है। आरोपी आरक्षक मूल रूप से कबीरधाम जिले के कुण्डा का निवासी है और वर्तमान में जनता कॉलोनी पुलिस लाइन में रह रहा था।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज
टिकरापारा थाना पुलिस ने आरोपी आरक्षक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (अपराध क्रमांक 119/26) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रायपुर पुलिस प्रशासन ने कहा कि नशे के विरुद्ध हमारी नीति स्पष्ट है, चाहे संलिप्त व्यक्ति कोई भी हो। इस मामले में ‘सोर्स टू डेस्टिनेशन’ की जांच की जा रही है ताकि नशे के इस नेटवर्क की पूरी कड़ी को ध्वस्त किया जा सके।



