वंदे मातरम् के 150 वर्ष पर रायपुर ने रचा इतिहास, 7,000 स्वरों की गूंज से थर्राया इनडोर स्टेडियम : पुरंदर मिश्रा
पुरंदर मिश्रा बोले: "वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्र की आत्मा है

रायपुर । राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर, रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम ने राष्ट्रभक्ति के एक अभूतपूर्व दृश्य को आत्मसात किया। इस गरिमामयी सामूहिक गायन आयोजन में लगभग 7,000 से अधिक कंठों ने एक साथ राष्ट्रगीत का स्वर मिलाया, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की ऊर्जा और संकल्प से ओतप्रोत हो उठा।
यह क्षण महज़ एक गायन नहीं था, बल्कि नए और सशक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प का प्रतीक बन गया। उपस्थित जनसमूह ने जिस भक्ति और उत्साह के साथ राष्ट्रगीत गाया, वह मातृभूमि के प्रति उनकी अटूट आस्था का अद्भुत परिचय देता है।
मुख्यमंत्री की उपस्थिति, मिश्रा की सक्रिय पहल
इस ऐतिहासिक आयोजन को मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की गरिमामयी उपस्थिति ने एक नया आयाम दिया।
कार्यक्रम की सफलता में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने अपने क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिकों को एकजुट कर राष्ट्रभावना का अनुपम वातावरण निर्मित किया। इस अवसर पर श्री मिश्रा ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं है, बल्कि यह हमारे राष्ट्र की आत्मा और हर भारतीय के हृदय की धड़कन है।
जयघोष से गूंजा स्टेडियम
कार्यक्रम का समापन अत्यंत भावुक और गौरवशाली क्षण में हुआ, जब हजारों लोगों ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का गायन किया, जिसके तुरंत बाद पूरा स्टेडियम “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के उद्घोष से गूंज उठा। इस महासंगम ने यह सिद्ध कर दिया कि वंदे मातरम्—जो शब्द नहीं, भावना है; जो गीत नहीं, राष्ट्र की आत्मा है।
इस गौरवशाली अवसर पर कैबिनेट मंत्री ओ.पी. चौधरी, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, नगर निगम रायपुर महापौर मिनल चौबे, निगम मंडल के पदाधिकारीगण तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।



