रायपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 37.50 लाख नगद समेत 92 लाख का मशरूका जब्त
रायपुर पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': कारों में चल रहा था सट्टे का हाईटेक नेटवर्क, 6 सट्टेबाज गिरफ्तार।

रायपुर । राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के कुशल नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट (ACCU) और गंज थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाहियों में से एक को अंजाम दिया है। आगामी टी-20 वर्ल्ड कप के मद्देनजर पुलिस की पैनी नजर सट्टेबाजों पर थी, जिसके परिणामस्वरूप करोड़ों के टर्नओवर वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
कार बनी थी ‘कंट्रोल रूम’, घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्रांतर्गत नागोराव गली अंडर ब्रिज के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति लग्जरी कारों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। मौके पर तीन चारपहिया वाहनों (दो महिंद्रा थार और एक नेक्सा XL6) में सवार 6 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 37,50,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा 10 महंगे मोबाइल फोन और 3 लग्जरी गाड़ियां जब्त की गई हैं। जब्त किए गए कुल सामान की कीमत 92,50,000 रुपये आंकी गई है।
जांच का दायरा: पुलिस को शुरुआती जांच में ‘म्यूल बैंक खातों’ (किराए के खाते) और ‘हवाला ट्रांजैक्शन’ के पुख्ता सबूत मिले हैं। इस गिरोह के तार महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे अन्य राज्यों से भी जुड़े होने के संकेत मिले हैं, जिसकी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में से राखब देव पाहुजा और पीयूष जैन मुख्य सरगना हैं, जो विभिन्न वेबसाइटों के माध्यम से ‘मास्टर आईडी’ कमीशन पर उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार 6 आरोपियों में से राखब देव, जितेन्द्र कृपलानी, दीपक अग्रवाल और सचिन जैन पुराने शातिर अपराधी हैं, जो पहले भी जुआ अधिनियम के तहत जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- रखब देव पाहुजा (भिलाई)
- पीयूष जैन (रोहिणीपुरम, रायपुर)
- जितेन्द्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू (इंद्रप्रस्थ, रायपुर)
- दीपक अग्रवाल (बिलासपुर)
- कमल राघवानी (खम्हारडीह, रायपुर)
- सचिन जैन (गुढ़ियारी, रायपुर)
बदलती रणनीति से मिली सफलता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अपराधी अपनी जीवनशैली और काम करने का तरीका बदल रहे थे, जिसे भांपते हुए एण्टी क्राईम यूनिट ने अपनी रणनीति बदली। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 और बी.एन.एस. की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उन ग्राहकों की भी कुंडली खंगाल रही है जिन्होंने इनसे आईडी लेकर सट्टा खेला है।



