कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित विभिन्न फसलों की आठ नवीन किस्मों को भारत सरकार की मंजूरी

0
130

रायपुर।भारत सरकार की केन्द्रीय बीज उपसमिति ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा विकसित विभिन्न फसलों की नवीनतम किस्मों को व्यावसायिक खेती एवं गुणवत्ता बीज उत्पादन हेतु अधिसूचित किया है। यह जानकारी गुरुवार की देर शाम को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अध‍िकारी संजय नैयर ने व‍िज्ञप्‍त‍ि जारी कर दी है।

भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा विकसित चावल की तीन नवीन किस्म – छत्तीसगढ़ राइस हाइब्रिड-2, बस्तर धान-1, प्रोटेजीन धान, दलहन की तीन नवीन किस्म – छत्तीसगढ़ मसूर-1, छत्तीसगढ़ चना-2, छत्तीसगढ़ अरहर-1 एवं तिलहन की दो नवीन किस्म – छत्तीसगढ़ कुसुम-1 तथा अलसी की आर.एल.सी.-161 किस्मों को छत्तीसगढ़ राज्य में व्यावसायिक खेती एवं गुणवत्ता बीज उत्पादन हेतु अधिसूचित किया गया है।

अलसी की नवीन किस्म आर.एल.सी. 161 छत्तीसगढ़ के अलावा पंजाब, हिमाचल और जम्मू कश्मीर राज्यों के लिए अनुशंसित की गई है।आगामी वर्षों में विश्वविद्यालय द्वारा विकसित इन सभी नवीन किस्मों को व्यावसायिक खेती हेतु गुणवत्ता बीजोत्पादन कार्यक्रम में लिया जायेगा, जिससे इन नवीन अधिसूचित किस्मों का बीज प्रदेश के किसानों को उपलब्ध हो सकेगा।

Richa Sahay

The 4th Pillar, Contact - 9893388898, 6264744472