10 दिनों में 8 डिग्री लुढ़का पारा, छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड

0
95

अंबिकापुर।उत्तरी छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग इलाके में मानसून की वापसी और चक्रवात के कमजोर पड़ने के बाद ठंड बढ़ने लगी है। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में 10 दिनों के भीतर करीब आठ डिग्री तापमान की गिरावट हुई है। बुधवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री तक पहुंच गया। इस साल इलाके में मानसून की बारिश सामान्य नहीं रही।

इसके बाद मानसून की वापसी में पिछले सालों की तुलना में विलंब हुआ। इस बीच बंगाल की खाड़ी में लगातार चक्रवात के सक्रिय रहने के कारण ठंड के लिए अनुकूल वातावरण नहीं बन पा रहा था। चूंकि बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवा थोड़ी गर्म होती है इस कारण से भी लोगों को अक्टूबर के पहले पखवाड़े तक ठंड का बिल्कुल एहसास ही नहीं हो रहा था, लेकिन अब शाम होते ही शुष्क हवा के चलने से लोगों को गर्म कपड़े का सहारा लेना पड़ रहा है।ठंड के मिजाज को देखें तो 19 अक्टूबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री के करीब था वह 28 अक्टूबर को लुढ़क कर 15.6 डिग्री में पहुंच गया है। मानसून की वापसी होने और चक्रवात समाप्त हो जाने से उत्तर दिशा से हवाएं चलने लगी है जो लोगों को ठंड का एहसास करा रही हैं। मौसम वैज्ञानिक एएम भट्ट ने बताया कि ठंड के लिए अभी मौसम बिल्कुल अनुकूल है। आने वाले समय में कोई सिस्टम वातावरण में बनता नजर नहीं आ रहा है जिससे न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।

Richa Sahay

The 4th Pillar, Contact - 9893388898, 6264744472