श्याम रंग में रंगी चुनरिया: 24 फरवरी को सजेगा बाबा श्याम का भव्य दरबार,पहली बार भक्तों को मिलेगी बाबा के शीश से स्पर्श दिव्य मोरछड़ी
श्री श्याम संकीर्तन प्रचार समिति का प्रथम वार्षिकोत्सव, फूलों की होली और इत्र वर्षा से महकेगा आयोजन स्थल।

रायपुर । राजधानी के धार्मिक इतिहास में कल 24 फरवरी को एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। श्री श्याम संकीर्तन प्रचार समिति द्वारा एम.जी. रोड स्थित जैन दादाबाड़ी प्रांगण में भव्य भजन संध्या “श्याम रंग में रंगी चुनरिया” का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और भक्तों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रायपुर के भक्तों को राजस्थान की खाटू नगरी की दिव्यता का अनुभव कराने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। आयोजन स्थल पर खाटू धाम की तर्ज पर एक विशाल तोरण द्वार बनाया जा रहा है। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि श्याम जगत के इतिहास में पहली बार भक्तों को बाबा के शीश से स्पर्श कराकर लाई गई दिव्य मोरछड़ी और श्याम चालीसा का वितरण किया जाएगा।

शाम 7 बजे से शुरू होने वाली इस भजन संध्या में देश के प्रतिष्ठित भजन प्रवाहक अपनी सुमधुर आवाज से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ग्वालियर से मनोज शर्मा,जयपुर से सुरभि चतुर्वेदी, रायपुर से पलाश शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही, आयोजन में विभिन्न पंथों के पूज्य संतों का आशीर्वाद और सान्निध्य भी प्राप्त होगा।
आयोजन को ‘दिव्य’ बनाने के लिए विशेष रूप से फूलों की होली और इत्र वर्षा की व्यवस्था की गई है, जिससे पूरा वातावरण सुगंधित और उल्लासपूर्ण रहेगा। समिति ने स्पष्ट किया कि उनका ध्येय वाक्य “सेवा, सत्संग और संस्कृति” है और आने वाले समय में धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ जनकल्याणकारी सेवा कार्य भी संचालित किए जाएंगे।
श्री श्याम संकीर्तन प्रचार समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस अलौकिक आयोजन का हिस्सा बनें और बाबा श्याम की कृपा प्राप्त करें।



