रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गंज पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा 8 किलो गांजा, दो गिरफ्तार
क्राइम यूनिट और गंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, एप्पल और मोटोरोला मोबाइल समेत कुल 5.55 लाख की जप्ती।

रायपुर । राजधानी के गंज थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता अर्जित की है। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के कुशल निर्देशन में थाना गंज पुलिस और रायपुर क्राइम यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास से 8 किलोग्राम गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त किए गए मादक पदार्थ और मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 5,55,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई में सनी संतोष काले (22 वर्ष), निवासी जिला पुणे (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों आरोपियों के पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्रियां जप्त की हैं:
- मादक पदार्थ: 08 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 4,00,000 रुपये)
- स्मार्टफोन: एक एप्पल आईफोन (कीमत 1,35,000 रुपये) और एक मोटोरोला मोबाइल (कीमत 20,000 रुपये)
- कुल मशरूका: 5,55,000 रुपये
थाना गंज में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 20 (बी) NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वयस्क आरोपी सनी संतोष काले को माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी सेंट्रल ज़ोन ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।



