खेल मड़ई में पत्रकारों का उत्साह देख गदगद हुए विधायक पुरंदर मिश्रा, बोले-खेल से बढ़ता है सौहार्द
स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति प्रतियोगिता में उमड़ा पत्रकारों का हुजूम, खेल और संवाद का दिखा अनूठा संगम।

रायपुर । राजधानी रायपुर का ऐतिहासिक सुभाष स्टेडियम इन दिनों खेल और सौहार्द की नई गाथा लिख रहा है। रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित ‘खेल मड़ई–2026’ के तहत स्वर्गीय कुलदीप निगम स्मृति इंटर-प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर है। इस खेल उत्सव में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरंदर मिश्रा विशेष रूप से सम्मिलित हुए और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मैदान पर उतरा ‘कलम का सिपाही’, विधायक ने दी शाबाशी
कार्यक्रम के दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा ने पिच पर जाकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने पत्रकारों को मैदान में पसीना बहाते देख प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि पत्रकार दिन-भर खबरों की भागदौड़ और मानसिक तनाव में रहते हैं, ऐसे में यह ‘खेल मड़ई’ उनके लिए संजीवनी का कार्य कर रही है। विधायक ने कुछ देर बैठकर रोमांचक मुकाबले का आनंद भी लिया।
अनुशासन और भाईचारे का संदेश
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक मिश्रा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार के लिए नहीं, बल्कि अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के लिए आवश्यक हैं। पत्रकारों के बीच यह आपसी समन्वय और खेल भावना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। उन्होंने इस आयोजन को पत्रकारिता और खेल के बीच एक सेतु बताया।
प्रेस क्लब के प्रयासों की सराहना
विधायक ने रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और आयोजन समिति की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कुलदीप निगम जी की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल उन्हें श्रद्धांजलि है, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता का प्रमाण भी है। विधायक मिश्रा ने प्रेस क्लब के सभी सदस्यों को इस सुव्यवस्थित और भव्य आयोजन के लिए बधाई दी।
प्रतियोगिता के दौरान प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। यह आयोजन आने वाले दिनों में और भी दिलचस्प मुकाबलों का गवाह बनेगा।



